
मुंबई. सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘जोड़ी’ 5 मई को रिलीज हो गई है. फिल्म को लिमिटेड स्क्रीन मिलने के बाद भी अच्छा बिजनेस किया है. दिलजीत दोसांझ और निमृत खैरा स्टारर फिल्म जोड़ी ने महीज 4 दिनों में 12 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है. फिल्म के इंग्लिश वर्जन की कमाई चौंकाने वाली है. फिल्म जोड़ी ने इंडिया में महज 4 करोड़ रुपये कमाए हैं.
वहीं विदेशों की बात करें तो फिल्म की कमाई दोगुनी यानी 8 करोड़ हो गई है. अब तक फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 12 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है. अमेरिका में दिलजीत की फिल्म काफी पसंद की जा रही है. फिल्म रिलीज से पहले काफी विवादों में भी रही है. हालांकि अब फिल्म रिलीज के बाद अच्छी कमाई कर रही है. पंजाबी इंडस्ट्री की ये फिल्म अब बॉलीवुड की फिल्मों को टक्कर दे रही है.
रिलीज से पहले ही विवादों में फंसी थी फिल्म
दिलजीत दोसांझ की फिल्म जोड़ी पंजाबी सिंगर अमर सिंह चमकीला की जिंदगी पर बेस्ड है. फिल्म में सिंगर अमर सिंह और उनकी पत्नी बीबी अमरजोत कौर की जिंदगी की कहानी दर्शाई गई है. रिलीज से पहले ही फिल्म विवादों में फंस चुकी है.
पटियाला के ईशदीप रंधावा ने इसको लेकर कोर्ट के भी दरवाजे खटखटाए थे. जिसमें उन्होंने दलील दी थी कि फिल्म के राइट्स पहले ही गौरव सिंह को दे दिए गए थे. गौरव सिंह का 2022 में नवंबर के महीने में निधन हो गया. हालांकि विवादों के बाद भी फिल्म पर कोई खास असर नहीं पड़ा है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है.
दिलजीत की एक्टिंग ने जीता लोगों का दिल
फिल्म में दिलजीत दोसांझ की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की जा रही है. फिल्म में दिलजीत के प्रदर्शन को लोगों ने खूब पसंद किया है. दिलजीत की मैनेजर सोनाली सिंह ने बिलबोर्ड को दिए इंटरव्यू में बताया, ‘हमें पहले ही पता था कि दिलजीत की एक्टिंग लोगों को काफी पसंद आएगी. अब लोगों की प्रतिक्रिया देखकर हम भी काफी खुश हैं. हमें ऐसे रिएक्शन की उम्मीद नहीं थी. दिलजीत की अपनी एक अलग स्टार्डम है. दिलजीत को भारत ही नहीं पूरी दुनिया में लोग पसंद करते हैं. इसी के चलते फिल्म ने इंग्लिश वर्जन में अच्छे पैसे कमाए हैं.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Diljit Dosanjh
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 17:35 IST








