
अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. नाथों के नाथ काशी विश्वनाथ धाम (Kashi Vishwanath Dham) में लगातार भक्तों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. धाम में फूड कोर्ट के बाद अब शिव भक्तों को शाही अंदाज में राजभोग थाली भी परोसी जाएगी. धाम के मानसरोवर भवन में भक्तों को ये सुविधा मिलेगी. सबसे खास ये होगा कि राजशाही ठाठ में भक्त इस भोजन को करते हुए गंगा और वाराणसी के खूबसूरत ऐतिहासिक घाट का अद्भुत नजारा भी ले पाएंगे. सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इसकी शुरुआत भी हो जाएगी.
काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि धाम के मानसरोवर भवन में गंगा व्यू कैफे बनाया जा रहा है. इसका काम लगभग पूरा हो गया है. इस गंगा व्यू कैफे में लोग घाटों के अद्भुत नजारे का लुफ्त उठाते हुए लजीज व्यंजनों का स्वाद चखेंगे. इसमें खास थाली भी पर्यटक और श्रद्धालुओं को परोसी जाएगी. धाम में फूड कोर्ट का संचालन करने वाली कम्पनी ही इसका भी संचालक करेंगी.
राजशाही ठाठ का होगा अहसास
फूड कोर्ट के मैनेजर शरद ने बताया कि जल्द ही धाम में भक्त शाही अंदाज में राजशाही भोजन कर पाएंगे. इसके लिए गंगा व्यू कैफे में राजभोग थाली परोसी जाएगी. ये थाली चमचमाती पीतल की होगी. इस थाली में चम्मच से लेकर कटोरी और ग्लास सब कुछ पीतल के ही होगी. मारवाड़ी थाली की तरह इसमें 56 तरह के भोजन होंगे, जिसका स्वाद भक्त एक ही थाली में चख पाएंगे. हालांकि इस थाली की कीमत क्या होगी ये अभी तय नहीं हुआ है.
होगा सात्विक भोजन
फूड कोर्ट के मैनेजर शरद ने बताया कि फूड कोर्ट के तर्ज पर ही इस गंगा व्यू कैफे को चलाया जाएगा. इस कैफे में भी शुद्ध और सात्विक भोजन का आनंद भक्त ले पाएंगे. इस कैफे में राजभोज थाली के अलावा बनारसी स्वाद का मजा भी मिलेगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 15:26 IST








