
अभिनव कुमार/दरभंगा: बिहार के लिए मंगलवार का दिन खास है. दरभंगा के छात्र को पूरा देश सुनेगा. एलएनएमयू के सीएम कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक जयप्रकाश मंगलवार को संसद को संबोधित करेंगे. यह बिहार और मिथिलांचल के साथ ही विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण होगा.
एलएनएमयू दरभंगा के कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को सीएम कॉलेज के पीजी छात्र जयप्रकाश कुमार साहू को दिल्ली के लिए विदा किया. साथ ही उन्होंने जयप्रकाश से विश्वविद्यालय, मिथिला और बिहार का नाम रोशन करने को भी कहा. इस दौरान सभी गौरवान्वित रहे.
पूरे बिहार से एकमात्र चयन
कुलपति ने बताया कि संसद को संबोधित करने के लिए बिहार से एकमात्र जयप्रकाश का चयन ही हुआ है. यह विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है. इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि कुलपति प्रो. एसपी सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं में बौद्धिक क्षमता को उकेरा जा रहा है. साथ ही उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय फलक पर स्थापित करने का प्रयास भी किया जा रहा है. उसी का परिणाम है कि सीएम कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक जयप्रकाश मंगलवार को संसद को संबोधित करेंगे.
ऐसे हुआ जयप्रकाश का चयन
बता दें कि 7 मई गुरु रविंद्र नाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर पार्लियामेंट्री रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट फॉर डेमोक्रेसीस व लोकसभा सचिवालय द्वारा सेंट्रल हॉल ऑफ पार्लियामेंट दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित होगा. इसी कड़ी में 9 मई को जयप्रकाश गुरु रविंद्र नाथ टैगोर पर संबोधन देंगे, जिनका चयन 27 अप्रैल को विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से हुआ है.
बिहार के लिए गर्व का क्षण
एनएसएस के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. विनोद बैठा ने बताया कि संसद को संबोधित करने के लिए मिथिला विश्वविद्यालय के छात्र का चयन विश्वविद्यालय एवं मिथिला के लिए गर्व की बात है. पूरे बिहार से एकमात्र मिथिला विश्वविद्यालय के स्वयंसेवक संसद को संबोधित करेंगे. कहा कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के पत्र के आलोक में स्वयंसेवक को दरभंगा से दिल्ली वायुयान से आने-जाने, खाने-पीने तथा ठहरने आदि सभी प्रकार के खर्चों का वहन विभाग द्वारा किया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 08, 2023, 22:23 IST








