
आशुतोष तिवारी/रीवा: शहर में अब तक कैंसर का कोई भी अस्पताल नहीं था. यही कारण है कि कैंसर के मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी, लेकिन अब जिला अस्पताल में कैंसर के रोगियों के ठीक होने की संख्या बढ़ी है. कैंसर उपचार के लिए जिला अस्पताल सबसे बड़ा पॉइंट बनकर उभरा है.
मौजूदा समय में जिला अस्पताल में कैंसर की 42 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, एक दर्जन के करीब ब्लड कैंसर के मरीज इस अस्पताल से स्वस्थ हुए हैं. जिला अस्पताल में कैंसर की जांच सुविधाओं सहित बाहरी राज्यों के महंगे अस्पतालों में निशुल्क जांच कराई जा रही है. यही वजह है की जिला अस्पताल रीवा को संभागीय डिपो बनाया गया है.
पूरे संभाग में यहीं से जाएंगी कैंसर की दवा
डॉ. केपी गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल रीवा को कैंसर रोग का संभागीय डिपो बना दिया गया है, इसलिए अब यहीं से पूरे संभाग के सभी जिलों को कैंसर की दवाएं दी जाएंगी. पिछले वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष जिला अस्पताल में कैंसर रोगियों के लिए सुविधाएं भी बढ़ी हैं. इतना ही नहीं, जिला अस्पताल द्वारा कैंसर रोगियों को सुविधा प्रदान करने के लिए कई प्राइवेट एनजीओ, जो कैंसर मरीजों के लिए नि:शुल्क सेवा देते हैं, उनसे एएमयू भी किया गया है, जिनका लाभ मरीजों को मिल रहा है.
पहले सतना में था डिपो
दरअसल कैंसर का संभागीय डिपो पहले सतना में था. जिला अस्पताल रीवा सहित संभाग भर के मरीजों के लिए सतना से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं. लेकिन अब यह डिपो रीवा में होगा और सतना, सीधी समेत संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिले के लिए भी सुविधा रीवा से दी जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Cancer, Health News, Mp news, Rewa News
FIRST PUBLISHED : May 06, 2023, 17:20 IST








