आईसीएमआर-एसटीएस प्रोजेक्ट में रितिका शर्मा का चयन, मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी को मिली गौरवपूर्ण उपलब्धि

 

कौशाम्बी। मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष, बैच 2024-25 की छात्रा रितिका शर्मा का प्रतिष्ठित इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) – शॉर्ट टर्म स्टूडेंटशिप (STS) प्रोजेक्ट के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है तथा विद्यार्थियों में शोध एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
इस शोध परियोजना में मॉडरेटर डॉ. नंदिनी राघव का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में रितिका शर्मा को शोध की वैज्ञानिक पद्धति, अध्ययन प्रक्रिया एवं अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं को समझने और व्यावहारिक रूप से कार्य करने का अवसर मिलेगा।


इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने छात्रा रितिका शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ शोध एवं अनुसंधान का भी विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि ICMR-STS जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध परियोजना में चयन विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. रवि रंजन ने भी रितिका शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं शोध की संस्कृति विकसित करना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की उपलब्धियां संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के वातावरण को और मजबूत करती हैं।
मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी परिवार ने रितिका शर्मा को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता संस्थान के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध के प्रति प्रतिबद्धता और नई संभावनाओं की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More