माफिया अतीक अहमद के गैंग से जुड़े जे.पी. दुबे पर बड़ी कार्रवाई, 25 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

 

प्रयागराज : संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुख्यात माफिया अतीक अहमद के गैंग से जुड़े गैंगलीडर जय प्रकाश दुबे उर्फ जे.पी. दुबे की करीब 25 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है। प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, यह संपत्तियां कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थीं।

पुलिस की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई है। पुलिस आयुक्त न्यायालय, कमिश्नरेट प्रयागराज ने 17 अगस्त 2026 को संपत्तियों की कुर्की का आदेश पारित किया। साथ ही एयरपोर्ट थाना प्रभारी को प्रशासक नियुक्त किया गया है, ताकि कुर्क की गई जमीनों पर कोई अवैध कब्जा या अतिक्रमण न हो सके।

पुलिस के अनुसार, जे.पी. दुबे के खिलाफ प्रयागराज के एयरपोर्ट थाने में गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान पुलिस ने शंकरगढ़, पीपलगांव, रहीमाबाद, कटहुल गौसपुर और चन्द्रभानपुर में स्थित कुल 10 गाटों की जमीन को कार्रवाई के दायरे में लिया। इन संपत्तियों का कुल रकबा 7482.66 वर्गमीटर बताया गया है।

पुलिस ने जे.पी. दुबे के खिलाफ कई अपराधिक मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। प्रयागराज पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। प्रयागराज में गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जे.पी. दुबे की करीब 25 करोड़ रुपये की संपत्ति पर शिकंजा कस दिया है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More