प्रयागराज : संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर के बीच दारागंज इलाके में गंगा रिवर फ्रंट बाढ़ के पानी में पूरी तरह डूब गया है। इसी दौरान फाफामऊ से संगम की ओर जा रही एक कार अचानक गहरे पानी में समा गई।
बताया जा रहा है कि कार में कुल सात लोग सवार थे। रिवर फ्रंट रोड पर अचानक गहरे पानी में कार पहुंचते ही हालात बिगड़ गए। गनीमत रही कि कार में सवार सभी सात लोगों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते कार पूरी तरह पानी में डूब गई और मौके से नजर आना भी बंद हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हाइड्रा मशीन और गोताखोरों की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला गया। यह हादसा बक्शी बांध-दारागंज क्षेत्र में गंगा रिवर फ्रंट पर हुआ।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रिवर फ्रंट रोड को बैरिकेड लगाकर पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है, ताकि कोई और हादसा न हो।
फिलहाल इस घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन जिस तेजी से गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है, उससे संगम क्षेत्र के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वे बाढ़ प्रभावित और जलमग्न रास्तों पर जाने से बचें। आने वाले दिनों में यदि नदियों का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो रिहायशी इलाकों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है।






