मंझनपुर– स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (एएसएमसी), कौशाम्बी में मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूपीआई पेमेंट सुविधा का शुभारंभ किया गया। सुविधा का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने किया।
यूपीआई पेमेंट सुविधा शुरू होने से मरीजों एवं उनके परिजनों को चिकित्सा सेवाओं एवं जांच आदि के भुगतान के लिए नकद राशि लेकर चलने की आवश्यकता कम होगी। अब वे डिजिटल माध्यम से आसानी एवं त्वरित रूप से भुगतान कर सकेंगे। इससे भुगतान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के अवसर पर सीएमएस डॉ. पंकज तिवारी, एमएस डॉ. विश्वप्रकास, डीएमएस डॉ. नरेंद्र एवं डॉ. विकेस, मैटरन गायत्री यादव, सुपरवाइजर देवेश सहित ई-पर्चा काउंटर के अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यूपीआई पेमेंट सुविधा की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मरीजों को भुगतान में सुविधा होगी और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।






