प्रयागराज : यमुनानगर जोन के घूरपुर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी युगल ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर अपनी जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान शिवा और स्वाती के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन दोनों के अलग-अलग जाति से होने के कारण परिवार की ओर से उनके रिश्ते पर बंदिशें लगाई जा रही थीं। इसी वजह से दोनों मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। जानकारी के मुताबिक, शिवा और स्वाती घूरपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। दोनों एक-दूसरे से लिपटकर रेलवे ट्रैक पर अपनी जान दे दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में दोनों आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को रेलवे ट्रैक से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दोनों के परिवारवालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रेमी युगल ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। परिवार की ओर से रिश्ते को लेकर लगाए जा रहे प्रतिबंध और दोनों के बीच चल रहे विवाद की भी जांच की जा रही है।
घूरपुर क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर अंतरजातीय प्रेम संबंधों को लेकर परिवार और समाज के दबाव जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






