*कौशाम्बी–जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र अंतर्गत आलमचंद गांव के पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने इमामगंज तिराहे पर जीटी रोड नेशनल हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बता दें कि बीते सोमवार सुबह आलमचंद गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। हमले में गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार हेला को तत्काल प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मनोज कुमार हेला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। साथ ही पोस्टमार्टम में हुई देरी और शाम करीब 6 बजे तक शव घर न पहुंचने से परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार शाम करीब 6 बजे संदीपन घाट थाना क्षेत्र के इमामगंज तिराहे पर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल कराया गया।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है








