कौशाम्बी – चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गैस लीकेज के कारण सिलेंडर में आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। इस घटना में एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलावती पत्नी बुधनाथ के घर पर उनकी बहू सराध्या देवी गुरुवार सुबह रसोई में चाय बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने पर घर में अफरा-तफरी मच गई और कलावती तथा उनकी बहू जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
स्थिति को संभालने के प्रयास में कलावती घर के सामान को बाहर निकाल रही थीं, तभी अचानक गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि कलावती उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस बुलाकर घायल महिला को उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।








