कौशाम्बी– कहते हैं इश्क एक ऐसी आग है जो लग जाए तो छुपाए नहीं छुपती। कुछ ऐसी ही कहानी सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में देखने को मिली, जहां फेसबुक पर शुरू हुई मोहब्बत का अंजाम आखिरकार हंगामे और थाने तक पहुंच गया।जानकारी के अनुसार सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां की पहचान फेसबुक के जरिए
जम्मू-कश्मीर के एक युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती मोहब्बत में बदल गई। महिला का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में गैर प्रांत के एक शहर में रहता है, जबकि महिला अपने तीन बच्चों के साथ ससुराल में रह रही थी।बताया जाता है कि कुछ माह पहले महिला अपने प्रेमी के पास चली गई थी और लगभग बीस दिन तक उसके साथ रहने के बाद वापस अपने ससुराल लौट आई। पति के बाहर रहने के कारण ससुराल पक्ष ने इस मामले पर ज्यादा आपत्ति नहीं जताई, लेकिन मायके वालों को यह रिश्ता नागवार गुजरा।बताया जाता है कि महिला और युवक के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला लगातार जारी था, जिससे परिवार के लोग नाराज रहते थे। इसी बीच शुक्रवार शाम मायके पक्ष को सूचना मिली कि कोई अजनबी युवक महिला के घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही मायके और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार की दोपहर प्रेमिका भी थाने पहुंच गई और अपने प्रेमी को छुड़ाने की जिद करने लगी। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई। पुलिस ने दोनों के बालिग होने के कारण युवक को महिला और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।इस पूरे घटनाक्रम के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में यह प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। कहते हैं इश्क की राहें आसान नहीं होतीं, और कभी-कभी यही मोहब्बत लोगों को दूर-दराज के सफर से उठाकर सीधे थाने की चौखट तक ले आती है।








