तीन में एक शिक्षक, 62 में एक छात्र-लालापुर स्कूल की पढ़ाई पर सवाल
कौशांबी
ब्लॉक संसाधन केंद्र चायल के अंतर्गत आने वाले लालापुर उच्च प्राथमिक विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। विद्यालय में 62 छात्रों का नामांकन दर्ज है, लेकिन वास्तविक उपस्थिति बेहद कम है। गुरुवार को स्थिति यह रही कि पूरे विद्यालय में सिर्फ एक छात्र ही पढ़ने पहुंचा, जबकि तैनात तीन शिक्षकों में से केवल प्रधानाध्यापिका ही स्कूल में मौजूद थीं।
लालापुर गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की लापरवाही लंबे समय से जारी है। दो शिक्षिकाएं अक्सर विद्यालय से नदारद रहती हैं, जिससे पढ़ाई का माहौल नहीं बन पाता। परिणामस्वरूप अभिभावकों का भरोसा भी स्कूल से उठता जा रहा है और वह बच्चों को नियमित रूप से भेजने में रुचि नहीं ले रहे हैं। विद्यालय में कुल 62 विद्यार्थियों का पंजीकरण है। बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रधानाध्यापिका मंजू देवी के अलावा पूनम मिश्रा और भावना चौरसिया की तैनाती है। अभिभावकों का कहना है कि प्रधानाध्यापिका के अलावा अन्य शिक्षिकाएं नियमित रूप से विद्यालय नहीं आतीं। कभी आती भी हैं तो देर से पहुंचना और जल्दी चले जाना आम बात है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को स्कूल खुलने के बाद कक्षाओं में सन्नाटा पसरा रहा। महज एक छात्र विद्यालय पहुंचा, जिसे प्रधानाध्यापिका ने पढ़ाया। ग्रामीणों का कहना है कि नामांकन के आंकड़े और वास्तविक उपस्थिति के बीच हमेशा भारी अंतर रहता है। शिक्षा विभाग बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। प्रधानाध्यापिका मंजू देवी का कहना है कि दोनों शिक्षिकाएं अपनी छुट्टी की सूचना सीधे बीईओ को देती हैं। किस कारण से वे विद्यालय नहीं आईं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।








