कौशाम्बी–
पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के कुवाडीह गांव के पास सोमवार भोर एक दर्दनाक हादसे में एक किसान रोडवेज बस के पिछले पहिए की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ग्राम कुवाडीह, पोस्ट पश्चिम शरीरा, तहसील मंझनपुर निवासी धीरेंद्र सिंह उर्फ अस्पताली सिंह पुत्र स्व. माता दीन सिंह सोमवार तड़के अपने एक रिश्तेदार को पश्चिम शरीरा से कानपुर जाने वाली रोडवेज बस में बैठाने आए थे। बताया जाता है कि रिश्तेदार को बस में बैठाने के बाद जैसे ही वह नीचे उतरे, तभी बस के पिछले चक्के की चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर बुरी तरह जख्मी हो गए और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। वहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। इधर, परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने बताया कि धीरेंद्र सिंह एक किसान हैं और उनकी तीन बेटियों की शादी अभी होनी बाकी है। ऐसे में यह हादसा पूरे परिवार के लिए गहरा आघात बनकर सामने आया है। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।








