कौशांबी — ज़िले में कब्जा हटाने गई पुलिस और राजस्व टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिसकर्मी और राजस्व कर्मी समेत कई लोग घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सैनी थाना क्षेत्र के रामपुर धमावां का मजरा गौराहार में एक विवादित मकान को कब्जा मुक्त कराने पहुंची पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कब्जा करने वाले लोगों ने एकजुट होकर टीम पर पथराव कर दिया।
पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कानूनगो रियाज अहमद, कांस्टेबल भानु कुमार, कामतानाथ और पीड़ित जयसिंह घायल हो गए। सभी घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पीड़ित जयसिंह रोजगार के सिलसिले में हरियाणा में रहते हैं। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उनके घर का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। 27 जनवरी 2026 को सैनी थाने में रोहित, मोहित, झुलनी देवी, शिवसिंह और कमल सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शनिवार शाम करीब पांच बजे नायब तहसीलदार अतुल कुमार वर्मा और थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मकान को कब्जामुक्त कराने पहुंचे थे। प्रशासन का कहना है कि मकान को कब्जा मुक्त कराकर सरकारी ताला लगवा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। एहतियातन पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी








