कौशाम्बी—
उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक दिव्यांग परीक्षार्थी को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
परीक्षा के दौरान शहजादपुर स्थित रणजीत पंडित इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल रामसिंह एवं कांस्टेबल रवी कुमार की नजर एक दिव्यांग परीक्षार्थी पर पड़ी, जिसे शारीरिक असुविधा के कारण परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। स्थिति को समझते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता एवं मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए परीक्षार्थी को अपनी बाहों में उठाकर सुरक्षित रूप से परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया, जिससे वह समय से परीक्षा में सम्मिलित हो सका।

पुलिस के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की परीक्षा केंद्र पर उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जनपद पुलिस द्वारा परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु निरंतर सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया जा रहा है।








