कौशाम्बी—
उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश प्रताप सिंह रविवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर कौशाम्बी पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने मां शीतला अतिथि गृह, सयारा सिराथू में जिला कोर कमेटी के साथ बैठक की। इसके बाद अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक कर प्रगति जानी।
प्रेस वार्ता में मंत्री ने VB जीरामजी योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने मनरेगा के तहत 100 दिन रोजगार की गारंटी तो दी, लेकिन काम न मिलने पर मजदूरों को कोई भत्ता नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार गांवों में मजदूरों को 125 दिन का काम देगी और यदि 125 दिन का काम नहीं मिल पाता है तो उतने दिनों का बेरोजगारी भत्ता देने की भी गारंटी है।कांग्रेस पर आरोपों के जवाब में मंत्री ने कहा कि “सोने के चम्मच और चांदी की थाली में खाना खाने वाले गरीबों की समस्या क्या जानें। हम ऐसे आरोपों से विचलित नहीं हैं, हम जनकल्याण का कार्य करते रहेंगे।”SIR को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि SIR पूरी तरह सही तरीके से हुआ है। इसमें गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। मंत्री ने कहा कि SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश में कोई बांग्लादेशी या पाकिस्तानी न रह पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी वोट बैंक बढ़ाने के लिए ऐसे लोगों को संरक्षण देना चाहती हैं, लेकिन प्रधानमंत्री देश को कमजोर नहीं होने देंगे।
मनरेगा को बचाने के लिए कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘मनरेगा बचाओ महासंग्राम’ अभियान के तहत एक दिन के उपवास पर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि “पानी के बिना कोई एक दिन नहीं रह सकता, अन्न के बिना कांग्रेस के लोग कितने दिन रह पाएंगे। वे और दिनों तक उपवास रख लें, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है।”प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।









