नई दिल्ली. दिल्ली-NCR में आज भी बारिश (Rainfall) होने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) के मुताबिक 27 जून को दिल्ली-NCR के इलाके में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होगी. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 34 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है. 26 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा. पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 2.4 मिमी. बारिश दर्ज की गई. आईएमडी के मुताबिक मॉनसून (Monsoon) इस वक्त गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ और हिस्सों के साथ ही जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के शेष हिस्सों में आगे बढ़ गया है.
आईएमडी के मुताबिक मॉनसून की उत्तरी सीमा (NLM) पोरबंदर, अहमदाबाद, उदयपुर, नारनौल और फिरोजपुर से गुजर रही है. अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान के कुछ और हिस्सों, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. आईएमडी ने 27 जून को विदर्भ, मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश (Very Heavy rainfall) होने की संभावना जताई है. आईएमडी के ताजा वेदर बुलेटिन के मुताबिक आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बरसात हो सकती है.

आईएमडी ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, झारखंड, गांगीय पश्चिम बंगाल, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश की उम्मीद जताई है. आईएमडी ने आज भारी बारिश को लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, कोंकण और गोवा के साथ ही केरल में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है. इसके साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
आईएमडी ने आज पश्चिम मध्य और दक्षिण-पश्चिम और पूर्व मध्य अरब सागर के आसपास के हिस्सों में 45-55 किमी. प्रति घंटे से लेकर 65 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है. केरल-कर्नाटक-महाराष्ट्र-गुजरात तटों, मन्नार की खाड़ी, लक्षद्वीप-कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और श्रीलंका तट से सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में तूफान की रफ्तार 40-45 किमी. प्रति घंटे से लेकर 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. मछुआरों को इन इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
.
Tags: Delhi Weather Update, Heavy Rainfall, Monsoon news, Weather updates
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 06:16 IST






