
आशुतोष तिवारी/रीवा. मऊगंज को मध्यप्रदेश का नया जिला बनाए जाने की सीएम शिवराज की घोषणा के बाद मऊगंज के सपनो को पंख लग गए है. अब नए जिले की तरह इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवेलपमेंट किया जा रहा है. इसी के तहत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का ग्राफ बढ़ाने के लिए भी खाका तैयार कर इस पर अमल किया जा रहा है.
मऊगंज अब नए जिले की तरह आकार ले रहा है. इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग मऊगंज अस्पताल को जिला अस्पताल बनाने जा रहा है. इसके अलावा जिले में एक सिविल अस्पताल और दो सीएचसी सहित 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की तैयारी भी है. जाहिर है इन स्वास्थ्य केन्द्रों से जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी विस्तार होगा. बीते सालों में मरीजों को ग्रामीण अंचल पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रीवा जिले में काफी काम हुआ है.
86 बेड का तैयार होगा अस्पाताल
जिला अस्पताल बन जाने के बाद मऊगंज में भी जांच सुविधाओं के साथ कई विशेषज्ञों का लाभ मरीजों को बड़े पैवाने पर मिल सकेगा.
जिले में मऊगंज सिविल अस्पताल को 86 बेड की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका निर्माण शुरू हो चुका है. चूंकि इसे नया जिला बनाने की घोषणा हो गई है इसलिए इसे 100 बेड का जिला अस्पताल बनाया जाएगा.
डॉक्टर बी एल मिश्रा सीएमएचओ रीवा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है. एक जिला अस्पताल सहित एक सिविल अस्पताल सीएचसी, पीएचसी और 6 संजीवनी क्लीनिक खोलने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग कर रहा है. स्वास्थ सुविधाओं में विस्तार होने के बाद जांच और उपचार प्रक्रिया में तेजी आएगी.
.
Tags: Health News, Latest hindi news, Local18, Madhya pradesh news, Rewa News
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 10:39 IST





