वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के गजब कारनामें, डकैती, देह व्यापार के बाद अब दरोगा पर लगा यौन शोषण का आरोप

हाइलाइट्स

चौकी इंचार्ज द्वारा युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मामला
युवती ने डीएम आरटीजीएस पोर्टल पर शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार

वाराणसी. इन दिनों वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के जवान चर्चा में बने हुए हैं. बीते महीने भेलुपर थाना के 7 पुलिसकर्मियों द्वारा डकैती, उसके बाद थाना सारनाथ के कांस्टेबल द्वारा देह व्यापार और अब सिगरा थाना के नगर निगम चौकी इंचार्ज द्वारा युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मामला सामने आने से डिपार्टमेंट में हड़कम्प मच गया. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित युवती ने जिलाधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर न्याय की गुहार लगाई. जिसके बाद से उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच करनी शुरू कर दी है.

दरअसल, वाराणसी के औरंगाबाद क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने सिगरा थाना क्षेत्र के नगर निगम इंचार्ज प्रकाश सिंह के ऊपर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है. युवती ने आईजीआरएस पर शिकायक्त दर्ज कराई है. पीड़ित युवती ने शिकायत में लिखा है कि प्रकाश सिंह से उसकी मुलाकात 2019 में हुई थी. मुलाकात दोस्ती में बदली. दोस्ती फिर प्यार में. प्रकाश सिंह द्वारा लगातार उसे शादी का भरोसा दिया गया और शादी के भरोसे के साथ ही उसे अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया गया. अब जब प्रकाश सिंह की शादी दूसरे युवती से होने जा रही है तो युवती ने इसका विरोध किया. लेकिन प्रकाश सिंह पुलिसिया रौब दिखाते हुए उसके घर जाकर उसके और मां के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. जिसके बाद युवती ने मामले की शिकायत आईजीआरएस पर करते हुए न्याय की गुहार लगाई है.

यह मामला सामने के बाद एक बार फिर पुलिस कमिश्नरेट में हड़कम्प मच गया है. उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच टीम गठित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कर रहे हैं. एडिशनल पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि प्रकाश सिंह की शादी तय होने के बाद युवती ने यह शिकायत दर्ज कराई है. जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी. वहीं युवती और उसका परिवार डरा हुआ है. आरोप यह भी है कि प्रकाश सिंह को बचाने की कोशिश की जा रही है. मामला गंभीर है, लेकिन 24 घंटे से ऊपर बीत जाने के बाद भी चौकी इंचार्ज के ऊपर अभी तक शुरुआती कार्रवाई तक नहीं की गई. बहरहाल मामले के जांच रिपोर्ट का अब सबको इन्तजार है, ताकि मामले की सच्चाई से पर्दा उठ सके.

Tags: UP latest news, Varanasi news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More