केवल 24 घंटे में विपक्षी एकता का प्लान धराशायी, अधीर रंजन बोले- ममता के साथ नहीं होगा कोई गठबंधन


नई दिल्ली. पटना में विपक्षी दलों की बैठक के केवल 24 घंटे के भीतर ही विपक्षी एकता (Opposition Unity) में दरार साफ दिखाई देने लगी है. पश्चिम बंगाल कांग्रेस (Congress) के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) ने राज्य में टीएमसी (Trinamool Congress-TMC) के साथ संभावित गठबंधन के बारे में स्थिति साफ कर दी और कहा कि इसके बारे में कुछ भी नहीं हो रहा है. चौधरी ने मुर्शिदाबाद में चौधरी ने कहा कि ‘यहां कुछ नहीं हो रहा है. नीतीश ने हमें आमंत्रित किया था और हम गए. ममता बनर्जी ने राहुल गांधी का अभिवादन किया, उन्होंने भी उन्हें नमस्कार किया. यही है. इससे ज्यादा क्या?’

बहरहाल विपक्षी दलों की एकता के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में 10 या 12 जुलाई को शिमला में एक दूसरी बैठक होने की उम्मीद है. अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के कांग्रेस के बारे में दिए गए बयानों पर सवाल उठाया है. कांग्रेस के सांसद चौधरी ने कहा कि ‘कुछ दिन पहले ममता बनर्जी ने ये बोला था कि वह कांग्रेस और राहुल गांधी के बारे में क्या महसूस करती हैं. यह बात सभी ने सुनी. उन्होंने कांग्रेस की तुलना गंदे तालाब से की. आज क्या हुआ? अब कांग्रेस अच्छी हो गई. कुछ नहीं बदला है, कुछ नहीं बदलेगा.’ उन्होंने आगे कहा कि जब राहुल गांधी ने पैदल मार्च निकाला तो ममता बनर्जी ने कुछ नहीं कहा.

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ‘पूरा देश जानता है कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ लड़ती है. अगर हम किसी मीटिंग में नहीं जाएंगे तो आप कहेंगे कि कांग्रेस लड़ना नहीं चाहती. नीतीश कुमार ने हमें आमंत्रित किया और हम गए. इसे वहीं तक रखें.’ गौरतलब है कि विपक्षी दलों ने शुक्रवार को पटना में एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान 2024 के लोकसभा चुनावों में एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने का संकल्प लिया. यहां तक कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पटना बैठक में एक-दूसरे को बधाई दी.

इस बारे में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि ये केवल निजी स्वार्थ के लिए एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि कल की विपक्षी पारी की शुरुआत राजनीतिक ब्लैकमेल से हुई है. आम आदमी पार्टी का रुख आपके सामने आ गया है. दूसरी ओर लालू जी ने जिस तरह से गांधी परिवार के उत्तराधिकारी का मजाक उड़ाया, उससे पता चलता है कि विपक्ष के पास ठोस राष्ट्रीय, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दे नहीं हैं. घर-घर जाकर जनता का आशीर्वाद और सहयोग मिलेगा तो 2024 के चुनाव में भाजपा का परचम फिर लहराएगा.

Tags: Adhir Ranjan Chowdhury, CM Mamata Banerjee, Opposition Parties, Opposition unity

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More