वेस्टइंडीज के 2 बैटर्स ने बजाई भारत के लिए खतरे की घंटी, एक तो शतक मारने के बाद आउट ही नहीं होता


हाइलाइट्स

वेस्टइंडीज के दो बैटर्स ने WC Qualifier में शतक ठोका
वेस्टइंडीज ने नेपाल को क्वालिफायर में 101 रन से हराया

नई दिल्ली. भारत को अगले महीने वेस्टइंडीज का दौरा करना है. दोनों देशों के बीच 5 टी20 और 3 वनडे की सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज से पहले ही टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बज गई है और ऐसा करने वाले हैं वेस्टइंडीज के दो बैटर्स, जिन्होंने जिम्बाब्वे में खेले जा रहे विश्व कप क्वालिफायर में नेपाल के खिलाफ ताबड़तोड़ शतक ठोका है. दोनों बल्लेबाजों के शतक की बदौलत वेस्टइंडीज ने 339 रन बनाए. इसके जवाब में नेपाल को 238 रन पर आउट कर 101 रन से मैच जीत लिया.

वेस्टइंडीज के लिए शतक लगाने वाले बैटर हैं कप्तान शाई होप और निकोलस पूरन. नेपाल ने 55 रन पर ही वेस्टइंडीज के 3 विकेट गिरा दिए थे. इसके बाद होप और पूरन ने न सिर्फ वेस्टइंडीज को संकट से उबारा था, बल्कि 216 रन की साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी. होप ने 129 गेंद पर 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 132 रन बनाए. दूसरी तरफ, पूरन ने 94 गेंद पर 4 छक्के और 10 चौकों की मदद से 115 रन बनाए. ये पूरन के वनडे करियर का दूसरा शतक है. वहीं होप का वनडे में 15वां शतक.

भारत के लिए बजी खतरे की घंटी
भारत को वेस्टइंडीज से अगले महीने 3 वनडे और पांच टी20 खेलने हैं. इस टूर से पहले ही वेस्टइंडीज के दो अहम बल्लेबाज फॉर्म में लौट आए हैं. भारत के खिलाफ सीरीज में भी ये दोनों बल्लेबाज अहम होंगे. वैसे भी होप का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा है. उन्होंने वनडे में अबतक 50 की औसत से रन बनाए हैं. भारत के खिलाफ होप ने 23 वनडे में 46 की औसत से 877 रन बनाए हैं. होप ने अपने वनडे करियर के 15 में से 3 शतक भारत के खिलाफ ही जमाए हैं. इन तीन मौकों में से 2 बार वो शतक जमाने के बाद आउट नहीं हुए. होप ने भारत के खिलाफ पिछला शतक जुलाई 2022 में ठोका था. जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज दौरे पर गई थी.

अंबाती रायडू के बाद एक और बल्लेबाज आया सामने, चयनकर्ताओं पर करियर बर्बाद करने का आरोप, 2 मैच में फ्लॉप होना पड़ा भारी

पूरन का भी भारत के खिलाफ दमदार रिकॉर्ड
वहीं निकोलस पूरन का भी बल्ला भारत के खिलाफ जमकर बोलता है. उन्होंने 56 वनडे में 38 की औसत से 1791 रन बनाए हैं. लेकिन, भारत के खिलाफ पूरन ने 13 मैच में 45 की औसत से 495 रन ठोके हैं. भारत के पिछले वेस्टइंडीज दौरे पर भी पूरन ने अच्छी बल्लेबाजी की थी और एक मैच में अर्धशतक ठोका था. ऐसे में ये दोनों बल्लेबाज भारत की मुसीबत बढ़ा सकते हैं.

Tags: India vs west indies, Nicholas Pooran, ODI World Cup, Shai Hope

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More