
अश्वनी कुमार, झांसी. मध्य प्रदेश के दतिया जिले की पुलिस को झांसी में मोठ कोतवाली थाना क्षेत्र में सर्राफा मार्केट में बिना लोकल पुलिस को लिए सर्राफा व्यवसाय की दुकान पर छापामार करना भारी पड़ गया. दरअसल दतिया जिले की पुलिस सर्राफा व्यवसाई को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर ही रही थी, तभी सर्राफा बाजार के अन्य व्यवसायियों ने एमपी पुलिस को घेर लिया. पहले तो सर्राफा व्यवसायी और पुलिस के बीच काफी बहस हुई. उसके बाद दतिया पुलिस के दरोगा और सिपाहियों इस करतूत के खिलाफ सर्राफा व्यवसाइयों ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है.
जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश में दतिया जिले में लूट की एक बड़ी वारदात हुई थी. इस लूट की वारदात के तार दतिया जिले की पुलिस ने झांसी में जोड़ दिया. इसके बाद दतिया जिले की पुलिस बिना किसी लोकल पुलिस को सूचना दिए मोठ कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में व्यापारी को पकड़ने के लिए उसकी दुकान में छापा मार दिया. दरअसल दतिया जिले की पुलिस यह कहकर उठाना चाहती थी कि दतिया जिले में लूट की वारदात में गए सोने-चांदी के आभूषण को व्यवसाई शुभम सोनी ने खरीदा है.
दतिया पुलिस पर रंगदारी मांगने का आरोप
सर्राफा व्यवसाई शुभम सोनी की दुकान पर पहुंची दतिया पुलिस के दरोगा और सिपाहियों से पहले तो काफी तीखी बहस हुई. दतिया जिले की पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस यहां के सर्राफा व्यवसायियों से रंगदारी मांगती है. फर्जी लूट के आरोप में पूछताछ के नाम पर यहां से पहले भी कई सर्राफा व्यवसाइयों को अपने साथ ले जाकर व्यवसायियों से मोटी रकम लेकर उनको छोड़ दिया. इस बार भी दतिया जिले की पुलिस की कुछ ऐसी ही मंशा थी.
CCTV फुटेज ने किया खुलास
वहीं सर्राफा व्यवसायियों द्वारा दतिया जिले की पुलिस को घेर लेने की सूचना पर मौके पर पहुंची मोठ कोतवाली पुलिस दोनों ही पक्ष को कोतवाली ले आई. इसके बाद मोठ कोतवाली पुलिस ने व्यवसाई शुभम सोनी की दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज को जब चेक किया, इस पर दतिया जिले की पुलिस बगले झांकने को मजबूर हो गई. कैमरे में व्यवसाई ना ही लूट का सोना खरीदता हुआ दिखा और ना ही कोई लुटेरा कैमरे मे दिखाई दिया.
वहीं इस बाबत प्रभारी एसएसपी का कहना है कि छापेमारी करना सरासर गलत है. फिलहाल दतिया जिले की पुलिस को हिदायत देकर यह कहा गया है कि जिले में कहीं भी छापेमारी करने आए सबसे पहले लोकल पुलिस से संपर्क जरूर करें, इसके बाद ही किसी तरह कार्रवाई करें.
.
Tags: Crime News, Jhansi news, MP Police, Uttar pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 08:39 IST






