
ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डॉर्सी ने पिछले दिनों भारत सरकार के खिलाफ बड़ा बयान दिया था. अब इसपर ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने प्रतिक्रिया दी है. सवाल पूछे जाने पर मस्क ने कहा कि ट्विटर के पास स्थानीय सरकारों की बात मानने के अलावा कोई और ऑप्शन नहीं है. अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो कंपनी पर ताला लगाना पड़ जाएगा.
जैक डॉर्सी द्वारा भारत सरकार पर लगाए गए आरोप के बारे में पूछे जाने पर एलन मस्क कहते हैं, ‘ट्विटर के पास स्थानीय सरकारों की बात मानने के अलावा कोई और विकल्प नहीं था. अगर हम स्थानीय कानूनों का पालन नहीं करेंगे तो कंपनी बंद हो जाएगी. हम नियमों के तहत फ्री स्पीच देने की पूरी कोशिश करेंगे’.
जैक डॉर्सी ने क्या कहा?
पिछले दिनों जैक डॉर्सी ने दावा किया था कि भारत सरकार ने साल 2020 और 2021 में किसान आंदोलन के खिलाफ ट्विटर पर दबाव डाला था. डॉर्सी ने आरोप लगाया था कि सरकार ने तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के दौरान सरकार की आलोचना वाले अकाउंट और पोस्ट को हटाने का अनुरोध किया, और नहीं मानने पर कंपनी का कामकाज बंद करने और उसके कर्मचारियों पर छापे मारने की धमकी भी दी थी.
हालांकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्विटर के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैक डॉर्सी के आरोपों को ‘सफेद झूठ बताकर खारिज कर दिया और कहा कि डॉर्सी अतीत की अपनी गलतियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं.
PM Modi से मिले Elon Musk
ट्विटर के CEO एलन मस्क तीन ने दिवसीय राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे पीएम मोदी से मुलाकात की. समाचार एजेंसी एएनआई के एक वीडियो के अनुसार, मस्क ने कहा कि वह पीएम मोदी के ‘प्रशंसक’ हैं और प्रधानमंत्री ने कई साल पहले कैलिफोर्निया में एक टेस्ला कारखाने का दौरा किया था. उन्होंने ये भी कहा, ‘मैं भारत के भविष्य को लेकर अविश्वसनीय रूप से उत्साहित हूं. भारत में दुनिया के किसी भी बड़े देश की तुलना में अधिक संभावनाएं हैं.
.
Tags: Elon Musk, Jack Dorsey, PM Modi, Twitter
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 09:57 IST






