
संजय राघव/सोहना: गुरुग्राम के सोहना कस्बे में स्थित धार्मिक तीर्थ स्थल ‘गर्म जल सरोवर’ या ‘शिव कुंड’ नाम से प्रसिद्ध कुंड का हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है. सरोवर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान करते हैं, जिसका पानी रोजाना सीवर व नालियों में बह रहा है. प्रशासन की ओर से पानी को बचाने की कोई सुध नहीं ली गई.
हालांकि, अब समिति ने इस जल को बचाने की मुहिम शुरू कर दी है. समिति का मानना है कि अगर सरकार व प्रशासन कोई ठोस योजना तैयार करे तो इस पानी का उपयोग आसानी से किया जा सकता है और पानी के स्तर को भी उठाया जा सकता है. एक तरफ सरकार पानी बचाने की मुहिम चलाती है, वहीं कस्बे में हजारों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ हो रहा है. कुंड का हजारों लीटर गर्म पानी सरोवर से सीवर और नालियों में बह रहा है.
बता दें कि सरोवर में करीब एक हजार लोग प्रतिदिन स्नान करते हैं और सर्दियों में यह संख्या और अधिक हो जाती है. स्नान करने के बाद ये पानी व्यर्थ हो जाता है, जिसका संचय नहीं किया जाता. जबकि पानी को रिट्रीट करके पेड़ पौधों के लिए उपयोगी बनाया जा सकता है, जिसके लिए योजना बनानी जरूरी है. वर्तमान में यह पानी सीवर व नालियों में जा रहा है.
कुंड को आधुनिक बनाया जाएगा
समिति के प्रधान अनुराग राणा का कहना है कि इस जल को बचाने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य शुरू किया जाएगा. लाखों रुपए खर्च किए जाएंगे. पानी को संशोधित करके दोबारा जमीन के अंदर डाला जाएगा. इससे कुंड का जलस्तर बढ़ सकेगा. इसे अत्याधुनिक बनाने के लिए स्टीम बाथरूम तैयार किए जाएंगे.
.
Tags: Gurugram news, Haryana news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 14:11 IST






