
पानीपत. चक्रवात बिपरजॉय की वजह से हरियाणा में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है, तो कहीं भीषण गर्मी के साथ आंधी चल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जून को मौसम में कुछ ऐसा ही बदलाव देखने को मिलेगा. बता दें कि गुजरात के बाद बिपरजॉय तूफान अब हरियाणा के पड़ोसी राज्य राजस्थान में भयकंर तबाही मचा रहा है.
हरियाणा में आज मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण और पूर्व हरियाणा में बारिश के आसार बने हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. इसे अलावा उत्तर और दक्षिण हरियाणा में आज बारिश हो सकती हैं. राजस्थान से सटे जिलों में बारिश की संभावनाएं ज्यादा हैं.
कई राज्यों के लिए अलर्ट
हरियाणा के साथ-साथ कई और राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट जारी किया गया है. असम और मेघालय में आज भारी बारिश की आशंका जताई गई है. आईएमडी के मुताबिक, 19 जून के साथ 20 जून को भी दिल्ली एनसीआर में भी बारिश होगी. मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना और ओडिशा में तीन दिन तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है.
गुजरात में बिपरजॉय मचा चुका तबाही
बहरहाल, गुजरात में बिपरजॉय तूफान भारी तबाही मचा चुका है. वहीं, अब राजस्थान में बिपरजॉय तूफान का असर देखा जा रहा है. रविवार को तूफान के कारण राजस्थान के बाड़मेर, सिरोही, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, पाली, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था. इन जिलों में बिपरजॉय तूफान के दौरान 10 से लेकर 15 इंच तक बारिश होने की खबर है.
.
Tags: Cyclone Biparjoy, Haryana news, Local18, Weather Alert, Weather forecast
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 09:31 IST






