
मुंबई. ‘यो बॉयज, आई एम सिंगिंग सॉन्ग, सूप सॉन्ग फ्लॉप सॉन्ग. वाय दिस कोलावेरी कोलावेरी कोलावेरी डी…’. ये बोल पढ़कर आप अपने आप ही इस गाने की एक अलग दुनिया में पहुंच गए होंगे. शायद गाना गुनगुनाने भी लगे होंगे. इस गाने को रिलीज हुए 11 साल से भी ज्यादा हो गए हैं लेकिन धनुष (Dhanush) की आवाज में सजे इस गाने को आज भी सुना जा रहा है. गाने को 400 मिलियन से ज्याद व्यूज मिल चुके हैं. जब यह रिलीज हुआ था तो किसी ने नहीं सोचा था कि यह रिकॉर्ड ब्रेकिंग सॉन्ग बन जाएगा. इस गाने के बोल लोगों की जुबां पर थे हालांकि आज भी बहुत कम लोग इस गाने का मतलब समझते हैं. कहते हैं ना अच्छे म्यूजिक की कोई सरहद नहीं होती, उसी तरह यह गाना भी साउथ की दुनिया से निकलकर पूरी दुनिया में बजा था. आज सॉन्ग ऑफ दि वीक में इसी गाने पर बात करते हैं…
साल 2012 में तमिल साइकोलॉजिकल थ्रिलर मूवी ‘3’ आई थी. इस फिल्म में धनुष और श्रुति हासन ने मुख्य भूमिका निभाई थी. फिल्म की रिलीज से पहले 16 नवम्बर 2011 को ‘कोलावेरी डी’ गाने को रिलीज किया गया था. गाने ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी थी और हर कहीं यही गाना बजने लगा था. गाने को धनुष ने ही लिखा और आवाज दी थी, वहीं इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया था. कुछ ही दिनों में गाने को यू ट्यूब ने मोस्ट पॉपुलर गाना घोषित कर दिया था. यह Tanglish गाना था, जिसमें तमिल और इंग्लिश का यूज किया गया था.
20 मिनिट में लिरिक्स 10 मिनिट में संगीत
कहते हैं ना कई बार अच्छी चीजे चुटकी बजाते ही हो जाती है. ऐसा ही कुछ इस गाने के साथ हुआ. निर्देशक ऐश्वर्या एक लाइट मूड का लव सॉन्ग चाहती थीं. ऐसे में अनिरुद्ध ने 10 मिनिट में एक रफ ट्यून बना दी और उसी पर करीब 20 मिनिट में धनुष ने लिरिक्स भी लिख दिए. सबके पहले उनके दिमाग में आया, ‘वाय दिस कोलावेरी?’ इसका मतलब होता ‘इतना जानलेवा गुस्सा क्यों?’ तमिल में आम बोलचाल में अक्सर इसका प्रयोग किया जाता है. टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में धनुष ने बताया था कि ‘मैंने तमिल और इंग्लिश को मिक्स करते हुए इस गाने के लिरिक्स तैयार किए थे.’ इस गाने को ‘सूप सॉन्ग’ भी कहा जाता है. इसका मतलब है एक ऐसा युवा जिसका प्यार में दिल टूटा है और वह निराश है.
‘राउडी बेबी’ के बाद यह तमिल का दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला गाना बन गया था. रिलीज के एक सप्ताह के अंदर ही इसे यू ट्यूब पर 3.5 मिलियन व्यूज मिल गए थे और फेसबुक पर इसे 1 मिलियन से ज्यादा शेयर किया गया था था.
.
Tags: Dhanush, Entertainment Special, Song
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 07:00 IST






