
बहादुरगढ़. हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक कार के अंदर पुलिस को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. शख्स के सिर में गोली लगी हुई है और उसके हाथ में पिस्तौल है. युवक की किसी ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की है या फिर उसने आत्महत्या की है, इस बात का पता लगाने का पुलिस प्रयास कर रही है. मामला बहादुरगढ़ के सेक्टर-13 का है. यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि कार में एक व्यक्ति मृत हालत में पड़ा है. इसी सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के सिर में गोली लगी थी और उसके हाथ में पिस्तौल होने के साथ-साथ उसका शव खून से सना हुआ था.
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एफएसएल की टीम बुलाई. मृतक व्यक्ति की पहचान 41 वर्षीय मोतीराम पुत्र सूरजभान निवासी भैसरू कला जिला रोहतक के रूप में हुई है. हालांकि, पुलिस ने मृतक व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भिजवाया. चूंकि शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी, इसी के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर नागरिक अस्पताल रैफर कर दिया. बहादुरगढ़ की एचएस सिटी की पुलिस चौकी से आए जांच अधिकारी एएसआई रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक ट्रक ड्राइवर था.
जांच अधिकारी का यह भी कहना है कि मोतीराम की हत्या की गई है या फिर उसने आत्महत्या की है. इस बात का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया.
.
Tags: Haryana News Today, Haryana police
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 06:22 IST






