अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव के लिए पेश किया PDA फॉर्मूला, कहा- यूपी से BJP हो जाएगी साफ, जानें सपा प्रमुख का पूरा प्लान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख अखिलेश यादव ने ’80 हराओ, बीजेपी हटाओ’ का नारा देने के कुछ दिनों बाद शनिवार को 2024 के लोकसभा चुनावों में सत्ताधारी बीजेपी को हराने की अपनी रणनीति का खुलासा किया. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आयोजित एक टीवी कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि ‘पीडीए यानी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों की एकता राज्य में बीजेपी नीत एनडीए पर भारी पड़ेगी, जो किसी भी अन्य राज्य से ज्यादा 80 सांसद लोकसभा में भेजता है.

अखिलेश यादव ने दावा किया कि बीजेपी 2014 में सत्ता में जैसे आई थी, 2024 में उसकी वैसे ही विदाई होगी. वहीं संयुक्त विपक्ष को एकजुट करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को उनके विचार के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रमुख ने कहा कि उनका एकमात्र नारा है, ’80 हराओ, भाजपा हटाओ.’

‘भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे गरीब, किसान, नौजवान’
अखिलेश यादव ने इसके साथ ही सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीट पर भाजपा को हराने का नारा देते हुए कहा कि ‘हमारा नारा है 80 हराओ-भाजपा हटाओ. इसलिए 2024 में पीडीए- पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों की एकता एनडीए- बीजेपी गठबंधन पर भारी पड़ेगी.’ उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, गरीब का सम्मान और उसे न्याय तथा सुविधाएं दिलाना बड़ा मुद्दा होगा तथा गरीब, किसान, नौजवान भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे.

विपक्षी दलों की एकता के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, ‘विपक्षी एकता का फॉर्मूला यही हो सकता है कि जो दल जिस प्रदेश में मजबूत हो उसको आगे करके ही बाकी दल चुनाव लड़ें. चुनाव और एकता के लिए बड़े दिल की जरूरत होती है. जो दल बीजेपी को हराना चाहते हैं वे समाजवादी पार्टी का साथ देने में बड़ा दिल दिखाएं. समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को प्रदेश की सभी 80 सीट पर हराना है. जनता बदलाव चाहती है.’

योगी सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह विकास लाने में विफल रही है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है. उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है. उनके छह साल के कार्यकाल में न एक जिला अस्पताल बना, न ही कोई एयरपोर्ट बना. प्रदेश में निवेश आने की बड़ी उम्मीदें थी, हकीकत में निवेशक ढूंढे़ नहीं मिल रहे हैं. समाजवादी सरकार में बिना निवेशक सम्मेलन किए उत्तर प्रदेश में एचसीएल आया, सैमसंग का प्लांट लगा.’

बता दें कि समाजवादी पार्टी ने हाल ही में 2024 के आम चुनावों में उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों को जीतने के मकसद से अपना ‘मिशन 2024’ लॉन्च किया है, जिसमें ‘कैडर मजबूती’ और “बूथ प्रबंधन” को शीर्ष प्राथमिकताओं में रखा गया है.

कैडर मजबूती पर जोर
इस अभियान के तहत सपा ने सीतापुर जिले के नैमिषारण्य में दो दिवसीय कैडर ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया था. इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने कहा, ‘यह प्रशिक्षण शिविर भाजपा के विनाश की शुरुआत को चिह्नित करेगा जो ‘असुर’ है.’

पार्टी ने 40 साल से कम उम्र के प्रतिनिधियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिन्हें युवाओं को सपा से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. एक अन्य नेता ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के रोडमैप के अनुसार, जमीनी स्तर पर सपा की उपस्थिति को और अधिक स्पष्ट करने के लिए प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 नए कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाना है. इसलिए पार्टी यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर इसी तरह की कवायद कर रही है.

Tags: Akhilesh yadav, Lok Sabha Election 2024, Samajwadi party

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें