
अशोक यादव/कुरुक्षेत्र. एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की निर्माण शाखा के एक्सइएन पंकज शर्मा को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी ने एक ठेकेदार से 7.20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपित एक्सइएन को शनिवार को अदालत में पेश किया है.
पत्रकारों से बात करते हुए विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ये पूरी कार्रवाई की है. शिकायतकर्ता ने बताया कि वो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मेंटेनेंस का काम करता है और उसके काफी बिल बकाया हैं. इन्हीं बिल को क्लियर करने की एवज में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के निर्माण विभाग का एक्सइएन पंकज शर्मा रिश्वत की मांग कर रहा था.
35 हजार रुपए हड़प चुका था आरोपी
वहीं, शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले भी आरोपी उससे 35 हजार रुपए हड़प चुका है और आगे भी बिल क्लियर करवाने की एवज में एक लाख रुपए रिश्वत मांग रहा था. जिसके बाद उसने एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारी को मामले को लेकर शिकायत दी. जिस पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने आरोपी पंकज को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया.फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है.
.
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 14:59 IST






