प्रेमी से मिलने में होती थी परेशानी, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर खुद उजाड़ दिया अपना सुहाग


अनूप पासवान/कोरबा. रजगामार ओमपुर के जंगल में मिले ग्राम आमाडांड निवासी बसंत कोसले की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है. प्रेमी से मिलने में आ रही समस्या को सदा के लिए खत्म करने के लिए मृतक की पत्नी ने ही पति की मौत की साजिश रची थी. उसने अपने प्रेमी और उसके एक साथी की सहायता से यह घिनौना कारनामा किया और अपने ही हाथों अपने सुहाग को उजाड़ दिया. पुलिस ने मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बालको नगर थाना के अंतर्गत रजगामार चौकी क्षेत्र के ग्राम आमाडांड निवासी बसंत कोसले की हत्या 14 जून को कर दी गई थी. उसका शव जंगल में मिला था. पुलिस ने मामले को शुरू से ही संदिग्ध श्रेणी में रखा और जांच की. इस कड़ी में स्निफर डॉग बाघा के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की भी मद्दद ली गई. पुलिस ने अलग-अलग एंगल से जांच की और कुछ इनपुट के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सनीता कोसले उसके प्रेमी और साथी को गिरफ्तार किया है.

क्या था पूरा मामला
सुनियोजित तरीके से पत्नी ने पति की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया. पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक कुछ माह पूर्व परिवार समेत एनटीपीसी सीपत कमाने खाने गया था. जहां वह किराए के मकान में रहता था. इस दौरान वहीं रहने वाले दिनेश सोनवानी नामक युवक से मृतक की पहचान हो गई, जिसका अक्सर बसंत के घर आना जाना रहता था. कोरबा आने के बाद भी दिनेश अक्सर बंसत के घर आता था. जिससे मृतक की पत्नी और दिनेश के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे.

कैसे योजना को दिया अंजाम

पति के कारण वह अपनी प्रेमी से नहीं मिल पाती थी. यही वजह थी कि सनिता कोसले ने दिनेश को फोन कर बसंत को मारने की योजना बनाई. 14 जून को दिनेश अपने साथी सिकंदर के साथ बाइक में सवार होकर रजगामार के शराब दुकान पहुंचा और सनिता को फोन कर बसंत को मौके पर भेजने की बात कही. सनिता ने बच्चों के लिए चिकन चिल्ली लाने की बात कहकर उसे शराब दुकान भेज दिया. जहां दिनेश और उसका साथी बसंत का इंतजार कर रहे थे. बसंत जब अपने पुराने साथियों से मिला तब तीनों शराब लेकर ओमपुर के जंगल गए और हम प्याला होने लगे. इसी दौरान मौका पाकर दिनेश ने गमछे से बसंत का गला घोंटकर मार दिया और फरार हो गए.

पूरी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी के साथ ही उसके प्रेमी और साथी को सीपत से गिरफ्तार कर लिया. मामले में धारा 302 का अपराध कायम कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

Tags: Chhattisgarh news, Crime News, Korba news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More