HBD मिथुन दा : कभी सोते थे फुटपाथ पर, अब करोड़ों की संपत्ति के मालिक, फिल्‍मों से ज्‍यादा इस धंधे से हुई कमाई


हाइलाइट्स

मिथुन चक्रवर्ती अब तक 350 फिल्‍मों में अभिनय कर चुके हैं.
एक जमाने में मिथुन चक्रवर्ती सबसे ज्‍यादा टैक्‍स देने वाले कलाकार थे.
कलाकार होने के साथ ही वे एक सफल बिजनेसमैन भी हैं.

नई दिल्‍ली. आज मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का 73वां जन्‍मदिन (Mithun Chakraborty Birthday) है. 16 जून 1950 को कोलकाता में जन्मे मिथुन चक्रवर्ती का असली नाम गौरांग था. बॉलीवुड में लंबी पारी खेलने वाले कलाकारों में शामिल मिथुन आज भी रुपहले पर्दे पर सक्रिय हैं. मिथुन दा केवल बेहतरीन अभिनेता नहीं हैं, बल्कि वे माहिर कारोबारी भी हैं. उनका लंबा-चौड़ा होटल बिजनेस है. ऊटी में उनका सबसे बड़ा होटल है. फिल्‍मों, बिजनेस और अन्‍य काम से कुल मिलाकर अब तक मिथुन चक्रवर्ती 347 करोड़ की संपत्ति (Mithun Chakraborty Net Worth) जोड़ चुके हैं. लेकिन, आज करोड़ों में खेलने वाले मिथुन चक्रवर्ती ने घोर गरीबी भी देखी है. अपने संघर्ष के दिनों में उन्‍हें मुंबई के फुटपाथों पर कई रातें भूखे पेट गुजारनी पड़ी थी.

मिथुन चक्रवर्ती के पास घर-बंगला-गाड़ी तो हैं ही, उन्‍होंने दर्जनों कुत्‍ते भी पाल रखें हैं. उनके पास कुल 116 कुत्‍ते हैं. मिथुन चक्रवर्ती के मुंबई वाले घर में करीब 38 कुत्ते हैं, तो ऊटी वाले बंगले में भी 78 कुत्ते रहते हैं. मिथुन चक्रवर्ती के पास मुंबई, ऊटी, कोलकाता जैस शहरों में कई सारी संपत्तियां हैं. मिथुन चक्रवर्ती के मुंबई में दो बंगले हैं. एक बांद्रा में है, तो दूसरा मड आइलैंड में है. ऊटी में मिथुन दा का एक फॉर्महाउस है जिसकी कीमत करोड़ों में है. मसिनागुड़ी में इनके 16 कॉटेज हैं. मैसूर में भी इनके 18 कॉटेज और कई रेस्टोरेंट हैं.

ये भी पढ़ें-  भारत में है एशिया का सबसे अमीर गांव, बिजनेस नहीं इस फल की खेती से हर परिवार बना करोड़पति

फिल्‍मों से ज्‍यादा बिजनेस से कमाई
होटल व्‍यवसाय से मिथुन चक्रवर्ती खूब पैसा कमाते हैं. उनका यह कारोबार काफी पुराना है और बहुत फैला हुआ है. टीवी शो के जज के रूप में भी उनको अच्‍छा खासा पैसा मिला है. मिथुन चक्रवर्ती अब तक 350 फिल्‍मों में अभिनय कर चुके हैं. साल 1989 में मिथुन की एक साथ 17 फिल्में रिलीज हुई थीं. जो कि एक रिकॉर्ड है.

अच्‍छा खासा कार कलेक्‍शन
मिथुन चक्रवर्ती को लग्जरी गाड़ियों का भी काफी शौक है. रिपोर्ट्स के अनुसार एक्टर के पास मर्सिडीज बेंज, वोक्सवैगन, फोर्ड एंडेवर, टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियां हैं. मिथुन चक्रवर्ती की पहचान गरीबों की मदद करने वाले इंसान के रूप में भी है और वो परोपकारी कार्यों के लिए अक्‍सर पैसा देते रहते हैं.

कभी थे नक्‍सली
दो भाइयों में मिथुन छोटे थे. उन्होंने स्कूलिंग के बाद केमिस्ट्री से ग्रेजुएशन किया. इसके बाद वे नक्‍सलवाद से प्रभावित होकर एक नक्‍सली ग्रुप में शामिल हो गए. लेकिन, भाई की मौत के बाद उन्‍होंने वो रास्‍ता छोड़ दिया. फिर उन्‍होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट से अभिनय का प्रशिक्षण भी लिया और फिल्‍मों में काम करने के लिए मुंबई का रुख किया. काफी संघर्ष के बाद ‘मृगया’ फिल्‍म से उन्‍हें बड़ा ब्रेक मिला. इस फिल्‍म के लिए उन्‍हें बेस्‍ट एक्‍टर का अवॉर्ड मिला था.

Tags: Birthday special, Business news in hindi, High net worth individuals, Mithun Chakraborty

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More