मुंबईः बॉलीवुड एक्टर मिमोह चक्रवर्ती (Mimoh Chakraborty) ने फिल्म जिमी से अपनी फिल्मी पारी शुरू की थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. लेकिन, अब ‘जोगीरा सारा रा रा’ के साथ अपनी दमदार वापसी से ‘जिम्मी’ यानी मिमोह चक्रवर्ती ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. खास बात तो ये है कि फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे मंझे हुए कलाकार हैं, लेकिन उनके आगे अपनी जबरदस्त अदाकारी से मिमोह ने सबको चौंका दिया है. मिमोह चक्रवर्ती ने हाल ही में News18 Hindi के साथ खास बातचीत में अपनी एक्टिंग जर्नी और परिवार से जुड़े कुछ खास विषयों पर बात की. तो अपनी फिल्म और करियर को लेकर क्या बोले, महाक्षय उर्फ मिमोह चक्रवर्ती, आईये आपको बताते हैं.
मिमोह चक्रवर्ती ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म जोगीरा सारा रारा के बारे में बात करते हुए बताया कि इस फिल्म की शुरुआत लॉकडाउन के पहले ही शुरू हो गई थी. तब फिल्म में उनका किरदार एकदम अलग था. सूट-बूट और एकदम सोफिस्टिकेटेड लल्लन लॉकडाउन के बाद लल्लू बन गया. 2 दिन के लिए फिल्म की शूटिंग हुई और फिर मेकर्स ने इस किरदार को बदलकर लल्लन से लल्लू कर दिया. फिल्म में लल्लू के किरदार को दर्शकों से मिल रहे रिस्पॉन्स से मिमोह काफी खुश हैं.
वहीं मिथुन चक्रवर्ती का बेटा होने और नेपोटिज्म के मुद्दे पर बात करते हुए मिमोह कहते हैं- ‘इंडस्ट्री में एक शाहरुख खान हैं, एक सलमान खान हैं और एक ही अक्षय कुमार हैं. मैं कभी मिथुन चक्रवर्ती पार्ट 2 नहीं बन सकता. ना मुझे बनना है. ये उन्होंने कमाया है, उनकी मेहनत है. मैं चाहता हूं कि मैं अपने काम को अपना 100 प्रतिशत दूं और बाकि किस्मत तय करेगी. मैं सिर्फ ये चाहता हूं कि लोग मुझे प्यार दें और मैं उन्हें ये प्यार इज्जत के साथ लौटा सकूं. नेपोटिज्म की बात करूं तो स्टार बनना किस्मत के ही हाथ है.’
‘आज इंडस्ट्री में कितने ही गुड लुकिंग लड़के हैं. जिस जिम में मैं वर्कआउट करते हैं, इतने फिट हैं कि उनके ऐब्ज बाहर आ रहे हैं. मैं फेलियर को बहुत अच्छे से समझता हूं. मैं 15 सालों से स्ट्रगल कर रहा हूं, कि मौका दे दो मौका दे दो. मैंने अपने पिता से एक ही बात सीखी है कि उम्मीद करना कभी मत छोड़ो और अपने काम को अपना 100 प्रतिशत दो.’
मिमोह ने परिवार के बारे में बात करते हुए कहा- ‘मेरे घर में कभी मेरा किसी से कॉम्पटीशन नहीं हो सकता. मेरे भाई नामोशी की सफलता में ही मेरी सफलता है. मेरी पत्नी मदालसा टीवी की इतनी बड़ी स्टार हैं. जब मुझसे कोई कहता है कि आप मदालसा के पति हैं, तो मुझे बहुत गर्व महसूस होता है. मेरी मदर इन लॉ शीला जी भी इंडस्ट्री की बहुत बड़ी स्टार रही हैं. मेरे परिवार की सफलता में ही मेरी सफलता है.’
मिमोह चक्रवर्ती पत्नी मदालसा की सक्सेस से बेहद खुश हैं. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम: @mimohchakraborty)
मिमोह ने बातचीत में फिल्म के लिए अपने ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में भी बात की और आगे कहा- ‘फिल्म के लिए मैंने 10 से 15 किलो वजन बढ़ाया है. मैं बहुत बड़ा फूडी हूं तो मेरे लिये ये बहुत ही शानदार मौका था. इसलिए मैंने इस दौरान जमकर खाना खाया. मुझे चैलेंजेस पसंद हैं. इसीलिए मैंने लल्लू के रोल के लिए हां कहा. आगे किसी फिल्म के लिए वजन कम करना होगा तो उसे भी चैलेंज की तरह लूंगा.’
मिमोह ने अपने करियर में ‘हॉन्टेड’ (2011), ‘रॉकी’ (2013) जैसी फिल्मों में भी नजर आए. लेकिन, इन फिल्मों को भी दर्शकों से वह रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया, जिसकी अभिनेता को उम्मीद थी. हालांकि, अब जोगीरा सारा रा रा में अपने अभिनय से वह सभी को हैरान करने और तारीफें बटोरने में कामयाब रहे हैं.
.
Tags: Bollywood, Bollywood actors, Madalsa Sharma, Mithun Chakraborty
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 14:59 IST






