
नई दिल्ली/अहमदाबाद : चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) को लेकर ताजा अपडेट आया है. ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, साइक्लोन के कल दोपहर 3:00 बजे गुजरात जखाऊ तट से टकराने की संभावना है. केंद्र सरकार द्वारा साइक्लोन के लिए स्थापित किए गए कंट्रोल रूम द्वारा एकत्रित की गई सुबह 11 बजे तक की जानकारी के बाद यह पूर्वानुमान जारी किया गया है.
ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, साइक्लोन मूवमेंट में बहुत थोड़ा सा डायरेक्शन चेंज देखा गया है, जिससे इस बात की संभावना है कि भारतीय तट जखाऊ से जोकि पहले की अनुमानित जगह थी, उससे थोड़ी दूर पाकिस्तान के डायरेक्शन की तरफ यह साइक्लोन हिट कर सकता है. साइक्लोन के मूवमेंट पर एक संयुक्त टीम नजर रखे हुए हैं.
अभी बिपरजॉय साइक्लोन की दूरी 140 मील है. साइक्लोन बिपरजॉय मूवमेंट पूर्वानुमान के मुताबिक साइक्लोन अभी साउथवेस्ट जखाऊ एरिया की तरफ है.
उल्लेखनीय है कि प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘बिपरजॉय’ के कच्छ जिले और पाकिस्तान के कराची तट के बीच 15 जून को पहुंचने की संभावना के मद्देनजर गुजरात सरकार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) एवं राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के दलों को तटीय इलाकों में तैनात कर रही है तथा छह जिलों में आश्रय केंद्र स्थापित करेगी. तूफान तटीय क्षेत्र में किस स्थान पर जमीन से टकराएगा, उसके बारे में आने वाले दिनों में स्थिति स्पष्ट होगी.
तूफान के चलते भारी बारिश होने और 150 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटा की रफ्तार तक हवा बहने से कच्छ, जामनगर, मोरबी, गिर सोमनाथ, पोरबंदर, और देवभूमि द्वारका जिलों के चक्रवात से प्रभावित होने की संभावना है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सौराष्ट्र-कच्छ और कराची तट से 15 जून को दोपहर 125-130 किमी प्रति घंटा से लेकर 150 किमी प्रति घंटा तक की गति वाली हवा के साथ चक्रवात के गुजरने की अत्यधिक संभावना है.
राहत आयुक्त आलोक पांडे ने संवाददाताओं से कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तटीय जिलों के जिलाधिकारी, सेना, नौसेना और भारतीय तटरक्षक के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की है. पांडे ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे तटीय जिलों में चक्रवात के प्रभाव को कम करने के लिए पहले से तैयारी करें और समन्वय स्थापित करें.
.
Tags: Cyclone, Cyclone Biparjoy, Gujarat
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 11:26 IST






