इमरान खान ने पाकिस्तान सरकार को दिखाया ठेंगा, बातचीत से किया इनकार, लेकिन सेना से वार्ता को बेचैन

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार के साथ बातचीत से इनकार किया है, लेकिन उन्होंने सैन्य प्रतिष्ठान के साथ वार्ता शुरू करने के लिए उत्सुकता दिखाई. कई मामलों के संबंध में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (आईएचसी) में पेश होने के बाद सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि सत्ताधारी शासकों सहित राजनीतिज्ञ ‘शक्तिहीन’ हैं और उनके पास संवाद करने का अधिकार नहीं है.

समाचार पत्र ‘डॉन’ की खबर के अनुसार खान ने पाकिस्तान सरकार के साथ बातचीत से इनकार किया लेकिन वह सैन्य प्रतिष्ठान के साथ बातचीत करने को तैयार हैं. क्रिकेट से राजनीति में आए खान ने यह भी कहा कि वह प्रतिशोध में विश्वास नहीं करते हैं और अगर सत्ता में दोबारा आए तो कानून का शासन स्थापित करने का प्रयास करेंगे.

बीते 11 जून को ही इमरान खान के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया, जो देश के पंजाब प्रांत में धोखाधड़ी के जरिये औने-पौने दाम पर 5,000 कनाल (625 एकड़) भूमि की खरीद से संबद्ध है. पिछले साल अप्रैल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद से बेदखल होने के बाद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख खान (70) के खिलाफ मामलों की कुल संख्या अब बढ़कर 140 से अधिक हो गई है.

इमरान खान के खिलाफ ज्यादातर मामले आतंकवाद, आम लोगों को हिंसा के लिए उकसाने, आगजनी, ईशनिंदा, हत्या के प्रयास, भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी से संबंधित हैं. पंजाब के भ्रष्टाचार रोधी प्रतिष्ठान (एसीई) ने खान के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है. खान की बहन उज्मा खान, उनके पति एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.

एसीई ने कहा, ‘खान और अन्य संदिग्धों के खिलाफ पंजाब के लैय्याह जिले में 5,261 कनाल महंगी जमीन सस्ती दरों पर खरीदने का आरोप है. उन्होंने जमीन 6 अरब पाकिस्तानी रुपये की वास्तविक कीमत के मुकाबले 13 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में खरीदी.’ इसने बताया कि संदिग्ध ने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए स्थानीय लोगों की 500 कनाल जमीन ‘हड़प ली’, जो वहां कई वर्षों से रह रहे थे.

एसीई के मुताबिक, रविवार को लाहौर के जमान पार्क इलाके में उज्मा और उनके पति को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की गई, लेकिन वे भागने में सफल रहे. इसने कहा कि मामले में मुख्य संदिग्ध उज्मा है क्योंकि जमीन (5,000 एकड़ से अधिक) उनके नाम पर है.

Tags: Imran khan, Pakistan, Shahbaz Sharif

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More