
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस किरण खेर (Kirron Kher Birthday) आज अपना जन्मदिन मना रही हैं. किरण को बॉलीवुड सितारों ने जन्मदिन की बधाई दी है. 14 जून 1955 को पंजाब के चंडीगढ़ में एक सिख परिवार में जन्मी किरण के पति अनुपम खेर भी बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर हैं. किरण खेर ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी फीचर फिल्म आसरा प्यार दा से की थी.
1983 में रिलीज हुई इस फिल्म के बाद किरण खेर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. इसके बाद वह 1996 में श्याम बेनेगल की फिल्म सरदारी बेगम में नजर आईं. वह खूबसूरत, दोस्ताना, फना, वीर-जारा, मैं हूं ना और देवदास जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
किरण कई टीवी रियल्टी शोज में जज भी रह चुकी हैं. किरण ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई चंडीगढ़ से की है. उसके बाद पंजाब यूनिवर्सिटी से डिपार्टमेंट ऑफ़ इंडियन थिएटर में स्नातक किया है. उनकी दो बहनें व भाई था. उनके भाई अमरदीप की 2003 में एक ऐक्सीडेंट में मृत्यु हो गयी. उनकी बहन कंवल ठक्कर कौर हैं जोकि एक अर्जुन अवार्ड विनर बैडमिंटन खिलाडी हैं.
पहली शादी के बाद हो गया था तलाक
किरण की पहली शादी गौतम बेरी से हुई थी. बिजनेसमेन गौतम के साथ ये शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और दोनों ने तलाक ले लिया. इसके बाद अनुपम खेर से किरण की मुलाकात 1974 में डिपार्टमेंट ऑफ इंडियन थियेटर में हुई थी. लेकिन यहां से दोनों के रास्ते कुछ समय के लिए अलग हो गए थे. बाद में दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोनों प्यार में पड़कर शादी कर ली.
कुछ मीडिया रिपोर्ट की माने तो किरण को अनुपम खेर से प्यार तब हुआ जब वह अपने पहले पति गौतम बेरी के साथ शादीशुदा लाइफ जी रही थीं. रिपोर्ट्स की माने तो किरण खेर ने अनुपम खेर के लिए अपने पहले पति गौतम बेरी को तलाक दे दिया था. अब किरण खेर बॉलीवुड की सबसे शानदार एक्ट्रेस मानी जाती हैं. जन्मदिन के मौके पर किरण खेर को बॉलीवुड सितारों ने बधाई दी है. किरण ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. किरण के कई किरदार हमेशा के लिए यादगार बन गए हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 05:00 IST






