
नीरज कुमार/बेगूसराय. बढ़ती बेरोजगार की देखते हुए बिहार के शिक्षित युवा सरकारी नौकरी से अलग अब प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार तलाश रहे हैं. ऐसे में 10वीं से लेकर इंटर पास बेरोजगार युवाओं के लिए बेगूसराय नियोजन कार्यालय में जॉब कैंप का आयोजन किया गया. इस रोजगार मेले में निजी कंपनी ने 40 युवाओं को चयनित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन जॉब कैंप में महज 62 युवाओं ने रोजगार पाने में दिलचस्पी दिखाई.
जिला नियोजन पदाधिकारी श्वेता वशिष्ठ ने बताया कि इन दिनों जिले के युवा निजी कंपनियों में रोजगार पाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. जबकि, नियोजन कार्यालय से संपर्क कर निजी क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियां बेहतर पैकेज पर रोजगार देने के लिए तैयार रहती हैं.
वहीं, बेगूसराय योजना कार्यालय के जेएसए राहुल कुमार ने बताया कि निजी कंपनी नवभारत फर्टिलाइजर लिमिटेड के द्वारा जॉब कैंप में इंटरव्यू लिया गया. इस दौरान 40 वेकेंसी के लिये कुल 62 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) लिया गया. इसमें 24 युवाओं का चयन किया गया. सोमवार को चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र मुहैया कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि जॉब कैंप में आए अधिकांश युवा अपने साथ रिज्यूम लेकर नहीं पहुंचे थे. जबकि कुछ युवा इंटरव्यू में पूछे गये गणित के मामूली सवालों का जवाब नहीं दे सके. जिसके चलते वो रोजगार प्राप्त करने से वंचित रह गए.
नौकरी के लिए मिलता है मार्गदर्शन
जिला नियोजन पदाधिकारी श्वेता वशिष्ठ ने बताया कि जेएसए राहुल कुमार, वाईपी पंकज कुमार, डीएसई कुंदन कुमार जिले के बेरोजगार युवाओं को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नियोजन कार्यालय में रोजगार को लेकर मार्गदर्शन देने का भी काम करते हैं. युवाओं को मार्गदर्शन की जरूरत हो तो वो यहां आ सकते हैं. साथ ही, वो आगे कौन सी पढ़ाई करना चाहते हैं, किस क्षेत्र में रोजगार पाना चाहते हैं और इसमें क्या उनके लिए कारगर होगा, उन्हें यह सलाह देने के साथ नियोजन कार्यालय के नि:शुल्क पुस्तकालय में जरुरत के लायक पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
.
Tags: Begusarai news, Bihar News in hindi, Employment News, Job news, Local18, Naukri
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 15:02 IST






