मुंबईः साउथ सुपरस्टार प्रभास (Prabhas) और कृति सेनन (Kriti Sanon) स्टारर ‘आदिपुरुष’ (Adipurush) इन दिनों लगातार चर्चा में है. यह बिग बजट फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. लेकिन, फिल्म इन दिनों कुछ विवादों में भी घिरी है. अब जब रामायण की बात चल रही है तो रामानंद सागर उर्फ चंद्रमौली चोपड़ा की ‘रामायण’ का जिक्र ना हो, कैसे हो सकता है. आज भी जब कभी 80 के दशक पर टीवी स्क्रीन्स पर दस्तक देने वाला धारावाहिक कभी टीवी स्क्रीन पर आती है, दर्शक टकटकी लगाए इस धारावाहिक को देखते हैं.
जब भी रामायण का जिक्र होता है, रामानंद सागर का नाम आना सामान्य सी बात है, क्योंकि रामानंद सागर ने इस धारावाहिक को अपना सबकुछ सौंप दिया था और धारावाहिक में उनका समर्पण साफ नजर भी आता है. इस बीच रामानंद सागर की एक पुरानी फोटो वायरल हो रही है.
रामानंद सागर के साथ इस वायरल तस्वीर में बॉलीवुड के हीमैन यानी दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भी नजर आ रहे हैं. फोटो में दोनों ही मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं. अब धर्मेंद्र को तो पहले भी दर्शकों ने ऐसे झूमते-मस्ती करते देखा होगा, लेकिन रामानंद सागर का ये रूप शायद ही किसी ने देखा होगा. इस फोटो में जहां रामानंद सागर लुंगी पहने खड़े हैं और बांसुरी बजा रहे हैं. वहीं धर्मेंद्र हाथ में डमरू लिए मगन होकर नाच रहे हैं.
रामानंद सागर के साथ धर्मेंद्र ने खुद ये तस्वीर शेयर की थी. अभिनेता ने फिल्म निर्माता की जन्मतिथि पर उनके साथ ये तस्वीर शेयर की थी और उन्हें याद किया था. फिल्म उन दिनों की है, जब धर्मेंद्र रामानंद सागर की ‘आंखें’ की शूटिंग कर रहे थे. बता दें, धर्मेंद्र ने रामानंद सागर के साथ चार फिल्में की थीं. इन फिल्मों में ‘आंखें’ (1968), ‘ललकार’ (1972), ‘चरस’ (1976) और ‘बगावत’ (1982) शामिल हैं. वहीं रामानंद सागर ने बाद में दर्शकों को जो ‘रामायण’ दिखाई, वह तो अपने आप में एक मिसाल है. यही वो धारावाहिक था, जिसने भारत में घर-घर तक टेलीविजन की पहुंच बनाई.
रामानंद सागर का निधन 12 दिसंबर 2005 को हुआ था. लेकिन, आज भी वह दर्शकों के फेवरेट बने हुए हैं.
रामानंद सागर की रामायण इन दिनों ‘आदिपुरुष’ के चलते भी चर्चा में है. दरअसल, हिंदू ग्रंथ ‘रामायण’ पर पहला धारावाहिक रामानंद सागर ने ही बनाया था, जो उन दिनों खूब लोकप्रिय भी हुआ. ऐसे में रामायण पर जब भी कोई फिल्म या सीरियल आता है, तो रामानंद सागर की ‘रामायण’ का जिक्र जरूर होता है. वहीं ‘आदिपुरुष’ के मेकर्स का दावा है कि वह ‘आदिपुरुष’ के जरिए दर्शकों को ‘रामायण’ का ऐसा स्वरूप दिखाने वाले हैं, जिसे दर्शकों ने कभी नहीं देखा होगा.
.
Tags: Bollywood, Dharmendra, Entertainment
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 08:25 IST









