हाइलाइट्स
शुभमन गिल ने अपने कैच आउट को लेकर पोस्ट किया है
गिल को विवादास्पद तरीके से कैच आउट दिया गया
नई दिल्ली. शुभमन गिल मुश्किल में फंस सकते हैं. उन्हें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के चौथे दिन थर्ड अंपायर ने कैच आउट दिया था. लेकिन कैच के सफाई से पकड़े जाने को लेकर सवाल थे. चौथे दिन का खेल खत्म होने के 15 मिनट बाद ही गिल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया और अंपायर के फैसले के खिलाफ सवाल उठा दिए. उनके इस पोस्ट पर ही बवाल मच सकता है और उनपर कार्रवाई हो सकती है. क्योंकि मैच को लेकर किसी तरह का सोशल मीडिया पर पोस्ट करना भी कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के दायरे में आता है. अब तो ये वक्त ही बताएगा कि गिल के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई होती है या नहीं. पर इस कैच पर बवाल तो हो ही गया है.
शुभमन गिल ने अपने कैच आउट के फैसले के खिलाफ मैच खत्म होने के बाद ट्विटर और इंस्टाग्राम दोनों जगह एक पोस्ट की. गिल ने कैमरन ग्रीन की कैच पकड़ने की फ्रंट-ऑन एंगल वाली तस्वीर ट्वीट की और इसके कैप्शन में 2 मैग्नीफाइंग ग्लास इमोजी के साथ माथा पीटने वाली इमोजी शेयर की. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर तालियों की इमोजी के साथ कैच की फोटो पोस्ट की. उनके इस पोस्ट से विवाद और बढ़ सकता है.


कैसे गिल हुए कैच आउट?
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 444 रन का टारेगट दिया था. शुभमन गिल और कप्तान रोहित शर्मा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई. गिल जब 18 रन पर थे तो स्कॉट बोलैंड की एक गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में फील्डिंग रकर रहे कैमरन ग्रीन की तरफ गई. ग्रीन ने बाईं तरफ नीचे झुकते हुए गेंद को लपक लिया. इसके बाद वो कैच का जश्न मनाने लगे. पर गिल वहीं खड़े रहे. इसके बाद ऑन फील्ड अंपायर ने बिना सॉफ्ट सिग्नल दिए थर्ड अंपायर से मदद मांगी. हाल ही में इस तरह के विवादित कैच के मामले में आईसीसी ने सॉफ्ट सिग्नल का नियम खत्म किया है. इसके बाद ये पहला मौका था, जब ऑन फील्ड अंपायर ने थर्ड अंपायर से मदद मांगी.
थर्ड अंपायर के फैसले पर उठे सवाल
टीवी अंपायर रिचर्ड कैटलब्रो ने अलग-अलग एंगल से टीवी रीप्ले देखा. काफी देर बाद उन्होंने गिल को कैच आउट दे दिया. लेकिन, कप्तान रोहित शर्मा और खुद गिल इस फैसले से हैरान और नाखुश नजर आए. क्योंकि टीवी रीप्ले में भी ये साफ नहीं था कि ग्रीन ने पूरी सफाई से कैच लपका है. क्योंकि कई एंगल से ऐसा लग रहा था कि गेंद मैदान पर टच हो गई थी. गिल को पवेलियन लौटना पड़ा और इसके बाद स्टेडियम में बैठे फैंस ने चीटर-चीटर का शोर मचाना शुरू कर दिया.
ग्रीन का विवादित कैच… और शुभमन गिल के विकेट के बाद ‘चीट , चीट, चीट’ के शोर से गूंज उठा स्टेडियम
गिल पर हो सकती है कार्रवाई
वीरेंद्र सहवाग, वसीम जाफर और कई पूर्व भारतीय दिग्गजों ने भी इस फैसले पर अपने-अपने तरीके से आपत्ति जताई है. हालांकि, मैच के बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अंपायर के फैसले के खिलाफ नाखुशी जताना गिल को भारी पड़ सकता है. क्योंकि आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.7 में ये साफ है कि सोशल मीडिया पोस्ट करना नियमों के उल्लंघन के दायरे में आता है. अब देखना होगा कि गिल के खिलाफ इस पोस्ट को लेकर कोई कार्रवाई होती है या नहीं.
.
Tags: India vs Australia, Rohit sharma, Shubman gill, World Test Championship Final, WTC
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 06:20 IST









