रूस के सुदूर इलाके में फंसा एयर इंडिया का विमान किया गया ठीक, मुंबई के लिए रवाना, यात्री को वापस मिलेगा किराया

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

मगदान में फंसे जहाज के यात्रियों के लिए राहत विमान भेजा गया था.
राहत विमान के जरिए उन्हें सैन फ्रांसिस्को पहुंचाया गया.
इस पूरी यात्रा में यात्रियों को करीब 56 घंटे का समय लग गया.

नई दिल्ली. रूस के मगदान में फंसे एयर इंडिया के बोइंग विमान की खराबी ठीक हो गई है और विमान अब मुंबई के लिए रवाना हो गया है. शनिवार को एयरलाइन ने यह जानकारी दी. एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि बोइंग 777-200एलआर विमान ठीक हो गया है और मुंबई के लिए अपने रास्ते पर है. प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”हम पुष्टि करते हैं कि विमान के एक इंजन की तेल प्रणाली में खराबी को हमारी इंजीनियरिंग टीम ने ठीक कर दिया है. आज जीडीएक्स से उड़ान भरने से पहले विमान को सभी सुरक्षा मानकों पर जांचा गया और इसे सर्विस के लिए दुरुस्त पाया गया.”

एक सूत्र के मुताबिक विमान में दो पायलट और चालक दल के आठ सदस्य हैं. मगदान उत्तर-पूर्वी रूस के ओखोत्सक के समुद्र तट पर है और वह मगदान ओब्लास्ट के प्रशासनिक केंद्र के अंतर्गत आता है. यह मास्को से करीब 10,167 किलोमीटर दूर है.

ये भी पढ़ें- नेशनल हाईवे की टोल रसीदों को रखें संभालकर, फ्री मिलेंगी ये सुविधाएं, आप भी उठा सकते हैं लाभ

यात्रियों को वापस होगा किराया
एयर इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह तकनीकी खामी की वजह से रूस के सुदूर इलाके में फंसने वाली अपनी दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को उड़ान के सभी यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस करेगी. एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि एयर इंडिया इस उड़ान के सभी यात्रियों के टिकट का पूरा पैसा वापस करने के साथ ही उन्हें भविष्य की यात्रा के लिए अपना एक वाउचर भी देगी. एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 173 ने गत छह जून को दिल्ली से उड़ान भरी थी, लेकिन इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने से विमान को रूस के सुदूर इलाके मगदान में उतारना पड़ा था. इस विमान में 216 यात्री और चालक दल के 16 सदस्य सवार थे.

राहत विमान से पूरा हुआ सफर
फंसे हुए यात्रियों को मगदान से निकालने के लिए एयर इंडिया ने बुधवार को मुंबई से एक राहत विमान को रवाना किया था. मगदान से यात्रियों एवं चालक दल को लेकर यह विमान बृहस्पतिवार को सैन फ्रांसिस्को पहुंचा था. इस तरह एयर इंडिया की एआई 173 उड़ान के यात्रियों को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को तक का अपना सफर पूरा करने में करीब 56 घंटे लग गए. एयरलाइन ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से खेद जताते हुए कहा कि विमान के एक इंजन में कुछ तकनीकी समस्या दिखने पर पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को अहमियत देते हुए विमान को नजदीकी हवाईअड्डे पर उतारने का फैसला किया था.

Tags: Air india, Air India Flights, Russia, USA

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें