
शक्ति सिंह/कोटा. रजवाड़ा क्रिकेट लीग (RCL) सीजन-7 का आगाज शनिवार शाम से होगा. प्रतियोगिता में 18 जून तक कोटा के जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नयापुरा में मुकाबले होंगे. उद्घाटन समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी और बॉलीवुड की कई हस्तियां होंगी. कोटा में पहली बार क्रिकेट प्रेमी दूधिया रोशनी (नाइट मैच) में खेल का मजा ले सकेंगे.
चेयरमैन अमीन पठान ने बताया कि आरसीएल सीजन-7 में 6 टीमें शामिल की गई हैं. जिनमें कोटा चंबल टाइगर्स, जोधपुर जोधाना रॉयल्स, जयपुर पिंकसिटी रॉयल्स, उदयपुर मेवाड़ रॉयल्स, अजमेर मेरू वॉरियर्स, जैसलमेर जगुआर्स हैं. प्रतियोगिता के दौरान लीग स्टेज पर राउंड रोबिन आधार पर मैच होंगे. सभी मैच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मानदंडों पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट में कुल 18 मैच होंगे. फाइनल 18 जून को होगा.
पहली बार फ्लड लाइट में मैच
पठान ने बताया कि कोटा में पहली बार आरसीएल के मैच जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम नयापुरा कोटा में फ्लड लाइट यानी दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे. डे-नाइट खेले जाने वाले मैचों में पहला मैच शाम 4 से 7 बजे तक खेला जाएगा. दूसरा मैच शाम साढ़े 7 से साढ़े 10 बजे तक खेला जाएगा. मैचों के लिए फ्लड लाइट की व्यवस्था रजवाड़ा क्रिकेट लीग (आरसीएल) द्वारा पूरी कर ली गई है.
आपके शहर से (कोटा)
ये बॉलीवुड स्टार होंगे शामिल
चैयरमेन पठान ने बताया कि आरसीएल सीजन-7 मे फिल्म स्टार सुनील शेट्टी, सोहैल खान, जैकी श्रॉफ, आदित्य पंचोली, बिंदु दारा सिंह, अलीकूली मिर्जा (सिंगर), शहजाद खान, शाहबाज खान, अमीषा पटेल, महिमा चौधरी, जरीन खान, सरगम, कायनात अरोड़ा, जोजो व कई इनफ्लुएंसर्स शामिल होंगे.
ये क्रिकेटर्स रहेंगे मौजूद
अंतराराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद अजरूद्दीन, मोहम्मद कैफ, युसुफ पठान, प्रज्ञान ओझा, पंकज सिंह, मुनफ पटेल, प्रवीण कुमार सहित कई जाने माने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होकर खिलाड़ियों व दर्शकों का उत्साहवर्धन करेंगे.
.
Tags: Cricket news, Kota news, Rajasthan news in hindi, Sports news
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 14:13 IST









