
हाइलाइट्स
कार्तिक ने जब हारी हुई बाजी टीम इंडिया को जिताई
महज 8 गेंद में बनाए थे नाबाद 29 रन
नई दिल्ली. भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी विकेटकीपर खिलाड़ी दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. कार्तिक का जन्म एक जून साल 1985 में चेन्नई में हुआ था. कार्तिक भारतीय टीम से हमेशा अंदर बाहर होते रहे. लेकिन एक मुकाबला उनके जीवन का ऐसा रहा जिसे फैंस आज भी याद करते हैं. यह मुकाबला ट्राई सीरीज के तहत भारत और बांग्लादेश के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया. इस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया कार्तिक के करिश्माई पारी के बदौलत आखिरी गेंद पर जीत हासिल करने में कामयाब रही.
आखिरी दो ओवर में बदली टीम इंडिया की किस्मत:
इस मुकाबले में बांग्लादेशी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए थे. विपक्षी टीम के लिए तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सब्बीर अच्छे लय में नजर आए. उन्होंने कुल 50 गेंदों का सामना किया. इस बीच सात चौके एवं चार छक्के की मदद से 77 रन बनाने में कामयाब रहे. गेंदबाजी में भारत के लिए चहल ने सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. वहीं उनादकट ने दो विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें- अपना ASH बनाएगा टीम इंडिया को WTC का चैंपियन, रिकॉर्ड दमदार, अफ्रीकी दिग्गज का टूटेगा गुमान!
लक्ष्य का पीछा करते हुए कैप्टन रोहित शर्मा ने 42 गेंद में 56 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली. हालांकि जब तेजी से रन बनाने की बारी आई तो वह भी आउट होकर पवेलियन चलते बने. मध्यक्रम में राहुल (24) और मनीष पांडे (28) ने जरुर उपयोगी पारी खेली. लेकिन मैदान में वह काफी स्लो नजर आए. खासकर मनीष पांडे.
भारतीय टीम को आखिरी दो ओवरों में जीत के लिए 34 रन की जरूरत थी. पांडे के आउट होने के बाद मैदान में कार्तिक आए. किसी को उम्मीद नहीं थी कि यहां से भारतीय टीम यह मुकाबला अपने नाम कर सकती है. लेकिन कार्तिक ने यहां से जो किया वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. उन्होंने पहले पहल 19वां डालने आए रूबेल हुसैन को निशाना बनाया.
कार्तिक ने हुसैन के इस ओवर में दो चौके एवं दो छक्के की मदद से 22 रन बटोरे. जिससे मैच का रुख भारतीय टीम की तरफ घूम गया. विपक्षी टीम के लिए आखिरी ओवर सौम्य सरकार डालने आए. स्ट्राइक पर विजय शंकर थे. सरकार ने इस ओवर की पहली गेंद वाइड डाली. दूसरा गेंद डॉट, इसके बाद उन्होंने सिंगल लिया. स्ट्राइक पर आए कार्तिक भी कुछ खास करिश्मा नहीं दिखा पाए और तीसरे गेंद पर सिंगल मिला.
आखिरी के तीन गेंदों पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों की धड़कने तेज हो गई थी. भारतीय टीम को जीत के लिए नौ रन की जरूरत थी. चौथे गेंद पर शंकर चौका लगाने में कामयाब रहे. लेकिन पांचवें गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए.
ब्लू टीम को आखिरी गेंद पर पांच रन की जरूरत थी. यहां कार्तिक ने इतिहास रचते हुए आखिरी गेंद को सीमा रेखा के पर पहुंचा दिया. इसके साथ ही ब्लू टीम के साथ-साथ पूरा देश इस जीत के जश्न में डूब गया. कार्तिक ने इस मुकाबले में महज आठ गेंद में दो चौके एवं तीन छक्के की मदद से नाबाद 29 रन बनाए थे.
.
Tags: Dinesh karthik, Team india
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 11:05 IST








