
हाइलाइट्स
लुधियाना के एक गांव में नशे में धुत रिटायर्ड फौजी ने मचाया तांडव.
IPL मैच देखने को लेकर घर में ही किया विवाद.
पत्नी, बेटी और बहनोई पर की फायरिंग.
रिपोर्ट/ (एस. सिंह)
चंडीगढ़. पंजाब के लुधियाना में कस्बा मुल्लांपुर दाखा के गांव बद्दोवाल में नशे में धुत एक रिटायर्ड फौजी की घर पर चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल IPL मैच देखने को लेकर अपनी पत्नी, बेटी और बहनोई से कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि उसने अपनी राइफल निकाल कर तीनों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी और गुस्से में गैस के सिलेंडर का ढक्कन भी खोल दिया.
दरअसल रिटायर्ड फौजी नशे में मैच देखते हुए जोर जोर से चिल्ला रहा था, जिसका पत्नी ने विरोध किया था. फायरिंग से बचने के लिए तीनों पारिवारिक सदस्यों ने अपने आप को कमरे में बंद कर जान बचाई. पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके से काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया. पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान बद्दोवाल निवासी 45 वर्षीय गुरतेज सिंह के रूप में हुई है.
दाखा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर दलजीत सिंह गिल के मुताबिक आरोपी की पत्नी 42 वर्षीय गुरप्रीत कौर का पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन आया था. उन्होंने सूचना दी थी कि उनका पति उन्हें, उनकी बेटी और उनके भाई तलविंदर सिंह को मारने की कोशिश कर रहा है. गुरप्रीत कौर ने कहा कि उनके पति ने उन्हें मारने के इरादे से उन पर गोलियां चलाईं. हालांकि, वे बाल-बाल बच गए और खुद को कमरे में बंद कर लिया.
मौके पर पहुंची पुलिस पर भी फायरिंग
एसएचओ ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्होंने उस व्यक्ति को राइफल पकड़े और एलपीजी गैस सिलेंडर में विस्फोट करने की कोशिश करते पाया. जब पुलिस ने उसे सरेंडर करने को कहा तो आरोपी ने पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग शुरु कर दी. पुलिस द्वारा इलाके की घेराबंदी करने के बाद आरोपी खेतों में छिप गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 353, 186 और 506 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 और 59 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपी के पास से एक .12 बोर राइफल, दो गोलियां और छह खोल बरामद किए गए हैं.
.
Tags: Firing, Ludhiana, Punjab
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 06:57 IST









