
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ: “जब हम लोग लखनऊ आ रहे थे तब लोगों ने बताया था कि लखनऊ में बड़े मंगल की धूम है और वहां इसे बेहद धूमधाम से मनाया जाता है. हम लोग जैसे ही एयरपोर्ट से बाहर निकले, हर 10 मीटर पर भंडारा चल रहा था. देखकर काफी अच्छा लगा. चारों ओर से सकारात्मक ऊर्जा आ रही थी…” ये कहना था लखनऊ पहुंचे बॉलीवुड स्टार विक्की कौशल का, जो मंगलवार को लखनऊ में ‘जरा हटके ज़रा बचके’ फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे. इस दौरान विक्की कौशल और सारा अली खान ने हनुमान सेतु में दर्शन भी किए.
विक्की कौशल ने कहा कि हनुमानजी के वह भक्त हैं. ऐसे में जब भी कहीं जाते हैं और हनुमानजी की मंदिर दिखता है तो वह दर्शन जरूर करते हैं. बताया कि हनुमान सेतु में जो भक्त आए हुए थे, दर्शन करने के लिए उन्होंने भी बहुत सहयोग किया और किसी भी तरह से उन्हें या सारा अली खान को दिक्कत नहीं होने दी. पंडितों ने भी अच्छे से दर्शन कराए. बताया कि 2 जून को रिलीज होने जा रही उनकी फिल्म ‘जरा हटके ज़रा बचके’ की सफलता के लिए उन्होंने प्रार्थना भी की है.
मैं हमेशा से ही मंदिर जाती हूं
सारा अली खान ने कहा की वह बचपन से ही मंदिर जाती हैं. मंदिरों में दर्शन करना उन्हें पसंद है, क्योंकि मंदिर पहुंचकर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. कहा कि हर वो जगह अच्छी है, जहां पर लोग आस्था के लिए या किसी एक काम के लिए एक साथ आते हैं और खड़े होते हैं. कहा कि सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर जो भी बातें कही जाती हैं, उन्हें वह बातें बिल्कुल भी प्रभावित नहीं करतीं, अगर करतीं तो शायद वह मंदिर नहीं जातीं.
.
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 23:26 IST








