
जयपुर. राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय बने रहने से कुछ जिलों में बारिश का दौर चल रहा है. कुछ स्थानों पर बज्रपात और ओलावृष्टि की जानकारी भी सामने आई है. शेखावटी क्षेत्र में बारिश के साथ बीकानेर व श्रीगंगानगर जिले में ओले गिरे हैं. मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए जयपुर सहित 6 संभागों को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के नए सिस्टम के लगातार सक्रिय रहने के बाद इसका असर दूसरे दिन भी कई जिलों में देखने को मिला है. नए सिस्टम के चलते शेखावटी क्षेत्र में बारिश का दौर देखने को मिला, जबकि बीकानेर और श्रीगंगानगर जिले के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम दर्ज किया गया. बारिश के चलते तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है.
इन संभागों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ संभागों में बारिश का अनुमान लगाया है, जिसे लेकर साफ तौर पर अगले 48 घंटों का अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और अजमेर संभाग में कुछ जिले इसकी चपेट में आ सकते है, जिससे यहां बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
आपके शहर से (जयपुर)
बारिश से भीगे कुछ जिले
प्रदेश में बारिश के चलते पिछले 24 घंटों में सीकर और चूरू में सबसे ज्यादा असर देखने को मिली. सीकर जिले में 127 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि चूरू जिले में 120 मिमी के करीब बारिश. इसके चलते तापमान में भी दो से तीन डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली. प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम ही रहा.
उमस से लोगों का हाल बुरा
प्रदेश में हुई बिन मौसम बारिश के बाद उमस से लोगों का हाल बुरा हो रहा है, कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य बना रहने के साथ ही हल्की बारिश का दौर भी देखने को मिला है. वहीं कुछ इलाकों में तेज धूप से लोगों को गर्मी का एहसास होता रहा.
.
Tags: IMD alert, Jaipur news, Rajasthan news, Weather Update
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 07:33 IST








