
हाइलाइट्स
दरवाजे पर बकरी के आने पर दो समुदाय के बीच जमकर बवाल हुआ
दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए
कौशांबी. यूपी के कौशांबी जिले में दरवाजे पर बकरी के आने पर दो समुदाय के बीच जमकर बवाल हुआ. दोनों वर्गों की ओर से जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों में तीन लोगों की हालत नाजुक है. घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कोखराज गांव की है. मामला दो समुदाय के बीच होने के चलते पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. बवाल की सूचना पर एडीएम प्रशासन व एडिशनल एसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौका-ए वारदात पर पहुंचे. अधिकारियों ने बमुश्किल हालात पर काबू पाया.
पुलिस ने इस मामले में दोनों वर्गों की तहरीर पर एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. घटना के बाद से गांव में तनाव के चलते पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है. इसके साथ ही पुलिस उपद्रवियों की गिरफ्तारी में जुट गई है. एडिशनल एसपी समर बहादुर ने बताया कि कोखराज थाना क्षेत्र के कोखराज गांव में दो पक्षों के बीच दरवाजे पर बकरी जाने को लेकर मारपीट हुई है. इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमे कुछ लोगों की हालत गंभीर है. इस मामले में दोनों पक्षो के आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
बता दें कि भोला नाथ केसरवानी गल्ले के थोक विक्रेता है. उनके दरवाजे के पर गेहूं से भरी बोरियां रखी हुई थी. गांव के ही रहने वाले लईक अहमद की बकरी भोला नाथ केसरवानी के दरवाजे पर चली गई और गेहूं खाने लगी. जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. फिर दोनों पक्षो की ओर से लोग इकट्ठा हो गए और और लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे. हमले में दोनों पक्षो की ओर से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है. वहीं दो समुदाय के बीच बवाल की सूचना पुलिस को मिली तो उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया. जिसके बाद एडीएम प्रशासन, एडिशनल एसपी और सीओ भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और बमुश्किल हालात पर काबू पाया.
.
Tags: Kaushambi news, UP latest news
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 07:23 IST








