
पीयूष पाठक/अलवर. अलवर शहर के अम्बेडकर नगर निवासी यश शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा परिणाम में देश में 196 वीं रैंक हासिल कर अलवर का नाम देश भर में गौरवान्वित किया है. यूपीएससी ने मंगलवार दोपहर में परीक्षा परिणाम घोषित किया है. यश को तीसरे प्रयास में सफलता मिली है.
यश शर्मा के परिजनों ने बताया कि पहले प्रयास में वे यूपीएससी प्री में सफल नहीं हो सके, वहीं दूसरे प्रयास में मुख्य परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में सफल नहीं हो सके, लेकिन तीसरे प्रयास में इंटरव्यू में सफल रह कर 196 वीं रैंक हासिल की.
यश के पिता लोकेश कुमार शर्मा रीडर ग्रेड प्रथम एडीजे नंबर टू अलवर में कार्यरत हैं, वहीं उनकी मां सरकारी शिक्षिका हैं. परिजनों का कहना है कि यश शुरू से ही पढाई में होशियार रहे. यश का पूर्व में आइबी में चयन हुआ था, लेकिन ज्वाइन नहीं किया और यूपीएससी की तैयारी में जुटे रहे. उनका सपना शुरू से ही यूपीएससी में जाने का रहा.
आपके शहर से (अलवर)
सफलता पाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी
यश शर्मा का कहना है कि यूपीएससी हो या आर्मी तथा अन्य कोई भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना कोई बडी बात नहीं, लेकिन किसी भी सफलता के लिए व्यक्ति को लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है. स्वयं के बारे में यश ने बताया कि जब से सेकेंड और थर्ड इयर में पढ रहे थे, तभी उन्होंने यूपीएससी में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था.
इसी लक्ष्य को साधने के लिए तैयारी शुरू की. उनका कॉलेज से प्लेसमेंट हुआ और बाद में आईबी में चयन हुआ, लेकिन वे नहीं गए. उनका लक्ष्य यूपीएससी में जाना था और उसी की तैयारी में लगे रहे. उन्होंने घर पर भी तैयारी की और करीब 10 महीने के लिए दिल्ली में कोचिंग भी की. लक्ष्य निर्धारित था, इसलिए सफलता भी मिली.
विशेष पढाई की जरूरत नहीं, रेगूलर पढाई करते रहें
यूपीएससी में चयनित यश ने कहा कि यूपीएससी के लिए अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं. कोई भी व्यक्ति जो भी पढाई करते हैं, उसे नियमित रखें. यूपीएससी के लिए अलग से कोई किताब नहीं होती, हां यह इसका सिलेबस ज्यादा होता है, लेकिन लक्ष्य निर्धारित कर नियमित तैयारी की जाए तो सफलता मिलना निश्चित है. इसके लिए कुछ अच्छे चैनल और यूट्यूब चैनल आदि की मदद ली जा सकती है. यूपीएससी की तैयारी कोई मुश्किल कार्य नहीं होता.
परिवार का साथ सबसे जरूरी
यश शर्मा ने कहा कि किसी भी सफलता के लिए परिवार का साथ मिलना जरूरी. उनके परिवार ने भी यूपीएससी तैयारी के लिए खुली छूट दी. परिवारजनों ने कहा कि जो भी अच्छा लगे, वे मन से करें. उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से किसी तैयारी के लिए दवाब नहीं डालना चाहिए, बल्कि युवकों को मन के अनुसार तैयारी करनी देनी चाहिए.
.
Tags: Alwar News, Rajasthan news in hindi, UPSC results
FIRST PUBLISHED : May 24, 2023, 07:25 IST








