Health News: गाजियाबाद के लोनी में शुरू हुआ 50 बेड का अस्‍पताल, मरीजों को दिल्ली जाने से मिलेगा छुटकारा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


विशाल झा/गाजियाबाद : यूपी के गाजियाबाद के लोनी में 50 बेड का संयुक्त जिला चिकित्सालय शुरू हो गया है. अब तक लोनी में करीब 10 लाख लोगों के लिए स्वास्थ्य एक बड़ा मुद्दा था. जबकि लोनी की जनता सिर्फ एक ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी ) से गुजारा कर रही थी.

यही नहीं, गाजियाबाद के लोनी के लोगों को छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी जिला एमएमजी अस्पताल और संजय नगर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय के अलावा दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में जाना पड़ता था. गंभीर बीमारी और ऑपरेशन के लिए मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के लिए मजबूर होना पड़ता था, जो कि उनके जेब पर भी असर डालता था. अब यह सारी सुविधाएं गाजियाबाद के लोनी में ही मिलेंगी.

किन सुविधाओं के साथ शुरू हुआ अस्पताल
लोनी में 50 बेड के अस्पताल का प्रस्ताव 2014 में भेजा गया था. इसके बाद वर्ष 2018 में शासन की तरफ से अस्पताल के लिए बजट जारी हुआ था. अस्पताल तकरीबन 10 करोड़ की लागत से बनाया गया है. इससे बनाने की जिम्मेदारी निर्माण विभाग की थी. फिलहाल अस्पताल में स्टाफ तैनात किए गए हैं, जो शुरुआती दौर में मरीजों का इलाज कर सकें. अस्पताल में प्रसव और सामान्य ऑपरेशन के साथ आंख, नाक, कान और गले के ऑपरेशन भी हो सकेंगे. इसके अलावा सभी तरीके के ब्लड टेस्ट की सुविधा भी अस्पताल में दी गई है. दो ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी और इमरजेंसी डिपार्टमेंट भी लोगों के लिए खुला रहेगा.

सिर्फ इमारत खड़ी कर दी है
हालांकि इतने बड़े अस्पताल के खुलने के बाद भी लोगों में नाराजगी है. लोनी की जनता का कहना है कि 50 बेड वाले अस्पताल से क्या होगा. अगर अस्पताल खुला ही था तो वो 500 बेड का क्यों नहीं. वहीं, लोनी के एक बुजुर्ग रामकृष्ण जब अपना इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचे तो उन्हें डॉक्टर नहीं मिले. गर्मी में खाली हाथ ही उन्हें लौटना पड़ा. रामकृष्ण ने बताया कि केवल सफेद टाइल और दीवार खड़ी कर दी गई है, लेकिन डॉक्टर मौजूद नहीं है.

Tags: Ghaziabad News, Health News, UP government hospital

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें