
हाइलाइट्स
BHK किसी भी फ्लैट या मकान की बनावट और उसमें मिलने वाले स्पेस को दर्शाता है.
BHK का फुल फॉर्म होता है बेडरूम (Bedroom), हॉल (Hall) और किचन (Kitchen).
आपने कई बार देखा होगा कि कुछ बिल्डर 0.5 बीएचके भी लिखकर विज्ञापन करते हैं.
नई दिल्ली. जब हम मकान या फ्लैट खरीदने जाते हैं या फिर उसके विज्ञापन देखते हैं तो एक शब्द से सबसे ज्यादा पाला पड़ता है BHK. अक्सर आपको दिखाई देता है कि कोई फ्लैट या मकान 1BHK है अथवा 2 या 3BHK है. आखिर यह BHK क्या बला है (What is BHK) जो मकान खरीदने के लिए सबसे जरूरी माना जाता है. अगर आप भी मकान खरीदने जा रहे हैं तो इस फॉर्मूले को अच्छी तरह से समझ लेना ही बेहतर होगा.
दरअसल, BHK किसी भी फ्लैट या मकान की बनावट और उसमें मिलने वाले स्पेस को दर्शाता है. BHK का फुल फॉर्म होता है बेडरूम (Bedroom), हॉल (Hall) और किचन (Kitchen). इसका मतलब है कि अगर कोई फ्लैट या मकान 1BHK बताया जाता है तो इसका मतलब हुआ कि वह प्रॉपर्टी 1 बेडरूम, एक हॉल और एक किचन वाली है. यानी इस फ्लैट में आपको एक बेडरूम मिलेगा और एक हॉल होगा जिसे आप लिविंग रूम बना सकते हैं, जबकि एक किचन भी इसमें शामिल रहेगा. इसी तरह, 2BHK का मतलब है कि इस फ्लैट या मकान में 2 बेडरूम और एक हॉल व एक किचन होगा.
ये भी पढ़ें – 2000 का गया तो 1000 रुपये का नोट आ रहा है वापस! क्या है रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का प्लान
0.5 बीएचके का क्या मतलब
आपने कई बार देखा होगा कि कुछ बिल्डर 0.5 बीएचके भी लिखकर विज्ञापन करते हैं. आखिर इस फिगर का क्या मतलब है और कैसे कोई फ्लैट 0.5 बेडरूम का हो सकता है. दरअसल, 0.5 बेडरूम सामान्य मानक आकार के बेडरूम से छोटा होता है. शहरों में तेजी से बढ़ते स्पेस की मांग को देखते हुए अब बिल्डर 1.5BHK या 2.5BHK जैसे ऑप्शन भी देने लगे हैं. इसका मतलब है कि किसी फ्लैट में 1 बेडरूम बड़ा और एक छोटा या 2 बेडरूम बड़ा और एक छोटा बेडरूम होता है. इसे हाफ बेडरूम भी कहते हैं.
BHK की जगह पॉपुलर हो रहा आरके
मुंबई जैसे महानगरों में जहां जगह की बहुत किल्लत है बिल्डर नया एक्सपरीमेंट कर रहे हैं. यहां कई बिल्डर BHK की जगह आरके वैरिएंट लांच कर रहे हैं. इसका मकसद छोटे अपार्टमेंट खोजने वाले ग्राहकों को आकर्षित करना है. 1आरके फ्लैट में एक रूम, एक किचन, बाथरूम और टॉयलेट की जगह होती है. इस यूनिट में आप देख रहे हैं कि हॉल की जगह नहीं रखी गई है. यानी यह अपार्टमेंट सिर्फ एक रूम और किचन के साथ आता है. यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि स्टूडियो अपार्टमेंट और 1आरके एक जैसे नहीं होते हैं, बल्कि इसमें बड़ा अंतर होता है. स्टूडियो अपार्टमेंट में हॉल या लिविंग स्पेस भी होता है, जबकि आरके में हॉल की जगह नहीं होती है.
क्या मिलता है 2 या 3BHK में
अगर आप कोई 2BHK का फ्लैट खरीद रहे हैं तो इसमें आपको 2 बेडरूम, 1 हॉल या लिविंग रूम और 1 किचन मिलेगा. इन दो बेडरूम में से एक में अटैच्ड वॉशरूम भी शामिल होगा जिसे मास्टर बेडरूम कहा जाता है. ध्यान रखने वाली बात यह है कि दूसरा बेडरूम इससे आकार में थोड़ा छोटा रहेगा. इसी तरह, 3BHK फ्लैट में 2 मास्टर बेडरूम होंगे जिसमें वॉशरू में भी अटैच रहेगा. वहीं, तीसरा बेडरूम साइज में थोड़ा छोटा रहेगा.
BHK के साथ 2T देख झांसे में न आएं
कई बार आपने देखा होगा कि बिल्डर BHK के साथ अपने विज्ञापन में 2T जैसे विकल्पों को भी शामिल कर लेते हैं. यह सिर्फ ग्राहकों को झांसे में लेने का फंडा है और आप इस झांसे में कतई न आएं. दरअसल, 2T का मतलब हुआ फ्लैट में 2 टॉयलेट हैं. यह बात तो सामान्य सी है कि हर फ्लैट में उसके आकार के हिसाब से टॉयलेट शामिल ही रहता है. ऐसे में इसे अलग से लिखने का मतलब सिर्फ विज्ञापन को और बढ़ा-चढ़ाकर आकर्षक बनाना है.
.
Tags: Business news in hindi, Property investment, Property market
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 11:00 IST









