
हाइलाइट्स
गर्म हवा के चलते एसी का कंप्रैशर गर्म हो जाता है और कम काम करता है.
कार धूप में खड़ी होने पर भी एसी कम कूलिंग करता है.
लगातार एसी चलने से माइलेज कम होता है.
नई दिल्ली. गर्मियों का मौसम आते ही कार अंदर बाहर से ऐसे तपती है जैसे मानो भट्ठी हो. न कार के बाहर चैन आता है न अंदर. इस कंडीशन से बचने का एक ही तरीका होता है AC, लेकिन मई-जून की तपती दोपहरी में कई बार कार का एसी भी फेल हो जाता है या खराब हो जाता है. इसके बाद तो मानो कार चलाना ही जैसे जलती आग में खुद को झोंकने के बाराबर होता है. अब बड़ा सवाल ये उठता है कि जब एसी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है तब ही ऐसा क्यों होता है. वहीं गर्मी के मौसम में कार का माइलेज भी कम हो जाता है. इन सभी सवालों से हम सभी घिरे रहते हैं.
इन सवालों के जवाब में दो कारण होते हैं, एक तो सभी जानते हैं खुद गर्मी जिसके चलते खराबी भी आती है और एसी की कूलिंग भी कम हो जाती है. दूसरा जवाब भी गर्मी से ही संबंधित है लेकिन वो कहीं न कहीं हमारी लापरवाही से जुड़ा होता है. आइये जानते हैं एसी के फेल होने के कारण और इससे कैसे निपटा जा सकता है.
कंप्रैशर का गर्म होना
एसी का सबसे अहम पार्ट होता है कंप्रैशर. इसका काम होता है एसी गैस को कंप्रैस्ड फॉर्म में सर्कुलेट करना. कंप्रैशर आम तौर पर काफी ठंडा रहता है. जब भी आप कार को ड्राइव करते हैं और एसी चलाते हैं तो कंप्रैशर पर गर्म हवा सीधे तौर पर पड़ती है. मई जून के महीने में ये और भी ज्यादा गर्म होती है, साथ ही इंजन बे में गर्मी और भी बढ़ जाती है. जिसके चलते कंप्रैशर ठंडा होने की जगह गर्म होने लगता है और एसी की कूलिंग काफी कम हो जाती है.
क्या करेंः जब तापमान काफी ज्यादा लगे तो गाड़ी ड्राइव करने से पहले आपकी बंपर के ऊपर मौजूर ग्रिल से पानी का छिड़काव कर दें. इससे कंप्रैशर पर पानी जाएगा और वो उसको काफी हद तक ठंडा कर देगा और लंबे समय तक ये ठंडा रहेगा. इससे आपकी कार का एसी काफी इफेक्टिव हो जाएगा.
एसी चैनल का गर्म होना
गर्मियों के दिनों में कार को धूप में खड़ा करने से विंडशील्ड के जरिए सीधे धूप आपके डैशबोर्ड पर पड़ती है. कार के डैशबोर्ड के नीचे से ही एसी की चैनल जाती है जो वेंट्स के जरिए ठंडी हवा को आप तक फेंकती है. धूप के कारण ये चैनल गर्म हो जाती है. ऐसे में कंप्रैशर तो आपकी कार में ठंडी हवा फेंकता है लेकिन चैनल के तपने के चलते ये हवा फिर गर्म हो जाती है और ब्लोअर से बाहर आती है जो कार को और गर्म कर देती है.
क्या करेंः कार को कभी भी धूप में खड़ा न करें. यदि और कोई विकल्प नहीं है तो आप विंडशील्ड स्क्रीन का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके इस्तेमाल से डैशबोर्ड पर धूप का असर नहीं होगा और चैनल ठंडी रहेगी.
क्यों हो जाता है एसी खराब
हर किसी मशीनरी में कुछ फिटिंग्स प्लास्टिक मोल्डिंग या फिर रबर की होती हैं. ऐसा एसी की कुछ फिटिंग्स के साथ भी होता है. जब कार लंबे समय तक धूप में खड़ी होती है तो ये फिटिंग्स गर्मी के चलते खराब होने लगती हैं. खासकर रबर गर्म होकर फैलने लगाता है. जिसके चलते लीकेज जैसी समस्या भी कई बार सामने आती है. इससे न केवल कार की कूलिंग पर फर्क पड़ता है बल्कि एसी के लगातार चलने से माइलेज भी कम हो जाता है.
क्या करेंः कार को धूप में कभी भी खड़ा न करें. ये न केवल कार की बॉडी के लिए बल्कि एसी और इंजन के लिए भी नुकसानदायक है. कार को हमेशा किसी छायांदार जहग पर पार्क करें.
क्या गिरेगा माइलेज
गर्मियों में ज्यादातर लोगों की शिकायत होती है कि कार का माइलेज कम हो गया है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि एसी लगातार चलता है. खासकर मई और जून के महीने में जब गर्मी सबसे ज्यादा होती है तो एसी अपनी पूरी क्षमता से लगातार काम करता है. ऐसे में इंजन पर लोड पड़ता है. एसी के लगातार काम करने के चलते इंजन फ्यूल की ज्यादा खपत करता है और माइलेज पहले के मुकाबले कार कम देती है.
.
Tags: Air Conditioner, Auto News, Car Bike News
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 10:47 IST









